दुमका: भारतीय जनता पार्टी दुमका जिला इकाई ने मंगलवार को अग्रसेन भवन में रानी अहिल्या बाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष गौरवकांत ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद एवं भाजपा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र राय उपस्थित हुए। कार्यक्रम में जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर और पूर्व सांसद सुनील सोरेन भी विशेष रूप से शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि रविंद्र राय ने रानी अहिल्या बाई होलकर के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि वे न्याय, सेवा और लोककल्याण की मिसाल थीं। उन्होंने कहा कि अहिल्या बाई ने यह सिद्ध कर दिया कि नारी शक्ति कभी कमजोर नहीं होती। उनके जीवन से हमें कर्तव्यनिष्ठा, परोपकार और नेतृत्व क्षमता की प्रेरणा मिलती है।
पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि रानी अहिल्या बाई ने समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए काम किया। उन्होंने समाज सेवा और परोपकार को ही सच्चा धर्म बताया और भाजपा कार्यकर्ताओं से उनके पदचिन्हों पर चलने की अपील की।
भाजपा जिलाध्यक्ष गौरवकांत ने अपने संबोधन में कहा कि रानी अहिल्या बाई ने अन्नक्षेत्र, धर्मशालाओं और मंदिरों का निर्माण कर समाज को सशक्त बनाने का कार्य किया। उनका त्याग और समर्पण आज भी समाज के लिए अनुकरणीय है।
कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें प्रदेश मंत्री रविकांत मिश्रा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य परितोष सोरेन, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष ममता साह, जिला महामंत्री मनोज पांडे, पवन केसरी, धर्मेंद सिंह, बबलू मंडल, मार्शल ऋषिराज टुडू, रघुनाथ दत्ता सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे।
कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया सह प्रभारी नवल किस्कू ने किया। आयोजन को सफल बनाने में भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।