कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कोलकाता में जी 20 की बैठक में कहा कि उनकी सरकार विकास को मानवीय रूप देने में विश्वास करती है। वित्तीय समावेश पर हो रही तीन दिवसीय इस बैठक में जी 20 के सदस्य देशों से आए प्रतिनिधियों को अपने संबोधन में ममता ने यह भी कहा कि महिला सशक्तीकरण सहित सरकार के कल्याण कार्यक्रम इस तरह तैयार किए गए हैं कि समाज के सबसे कमजोर वर्ग के लोगों के डिजिटल एवं वित्तीय समावेश को बढ़ावा मिले। उन्होंने कहा, ‘हम विकास को मानवीय रूप देने में भरोसा करते हैं।’ उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार ने 1.2 करोड़ रोजगार का सृजन किया है तथा राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में कई गुना वृद्धि की है।
पिछले साल ममता की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने लगातार तीसरी बार विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की है। ममता ने कहा कि कोविड महामारी की वजह से मची आर्थिक उथलपुथल के बावजूद राज्य सरकार 1.2 करोड़ रोजगार का अवसर बनाने में कामयाब रही और इनमें से ज्यादातर रोजगार एमएसएमई (लघु, कुटीर एवं मध्यम उपक्रम) सेक्टर में हैं।
उन्होंने कहा, ‘हम रोजगार का अवसर तथा जीडीपी को चार गुना बढ़ाने में इसलिए कामयाब हुए क्योंकि हमने महिलाओं, छोटे उद्योगों, किसानों और युवाओं का सशक्तीकरण किया। हमने भूख के खिलाफ लड़ाई लड़ी और गरीबों को मुफ्त अनाज दिया।’
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/w22a