झारखंड की उपराजधानी दुमका के आसनसोल मोहल्ले में रहने वाली पूर्णिमा कुमारी का घर बीते दिनों आई तेज आंधी-तूफान में पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी के अनुसार, घटना के समय पूर्णिमा काम के सिलसिले में रांची गई हुई थीं और उनके बच्चे हॉस्टल में पढ़ाई कर रहे हैं।
पूर्णिमा ने बताया कि वह घर पर अकेली रहती हैं। जब रांची में थीं, उसी दौरान क्षेत्र में तेज आंधी आई, जिसमें उनके एस्बेस्टस की छत वाला घर पूरी तरह से टूट गया। शुक्रवार को जब वह वापस लौटीं, तो घर की स्थिति देख सन्न रह गईं। उन्होंने बताया कि इस प्राकृतिक आपदा के कारण उनका लाखों रुपये का नुकसान हो गया है।
पूर्णिमा ने प्रशासन से सहायता की मांग की है ताकि वह फिर से अपने घर का पुनर्निर्माण कर सकें। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से पीड़िता की मदद करने की अपील की है।