सीओ ने बासुकीनाथ मंदिर के आसपास अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया
बासुकीनाथ। आगामी मकर संक्रांति व बसंत पंचमी के अवसर पर बासुकीनाथ में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के सुविधार्थ बासुकीनाथ मंदिर क्षेत्र के आसपास अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान बासुकीनाथ मंदिर के आस पास के इलाके व मेला क्षेत्र सहित मंदिर आने जानेवाले मार्ग को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए जरमुंडी सीओ राजकुमार प्रसाद, कार्यपालक पदाधिकारी आशुतोष ओझा एवं पुलिस निरीक्षक दयानंद साह के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। सभी दुकानदारों को नाला के अंदर ही अपनी दुकान रखने की हिदायत दी। सीओ ने बताया कि श्रद्धालुओं के सुविधार्थ अतिक्रमण हटाया जा रहा है। मंदिर जानेवाले मुख्य मार्ग ,बीच सड़क पर दुकान नहीं लगाने का निर्देश दिया। श्रद्धालुओं के सुविधार्थ सभी दुकानदारों व आमलोगों से सहयोग की अपील किया गया। इस दौरान नागनाथ चौक, शिवगंगा मार्ग, चुड़ी गली, समर्पण मार्ग, मंदिर निकास गेट पर स्थित सभी दुकानों को रोड पर से हटाने का निर्देश दिया गया। पुलिस वालों के द्वारा मंदिर के आसपास अतिक्रमण को हटाया गया ताकि श्रद्धालु सरलता पूर्वक मंदिर के द्वार तक पहुंच सकें। ऐसा नहीं करने पर बीच सड़क पर दुकान लगाने वाले दुकानदार का समान जब्त करते हुए कानूनी कारवाई किये जाने की बात कही। मुख्य सड़क से बासुकीनाथ मंदिर जानेवाली सभी गलियों व सड़कों से अतिक्रमण हटाया गया। इसके साथ ही सभी को हिदायत भी दी गई कि इसे पूरी तरह हटा लें नहीं तो दुकान सील कर दी जाएगी। कार्यपालक पदाधिकारी आशुतोष ओझा ने बताया कि स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ बाहर से भी भक्तगण बासुकीनाथ पहुंच कर भोलेनाथ के दर्शन करते हैं। अनावश्यक रूप से बीच सड़क पर दुकान लगाने से सभी को आने जाने में दिक्कत होती है। देश के विभिन्न भागों से पहुंचे यात्रियों व आमलोगों की सुगमता को लेकर बीच सड़क पर से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। मौके पर पुलिस निरीक्षक दयानंद साह, कर्मचारी, अमीन सहित अन्य मौजूद थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/c8y3