सूर्य उपासना को लेकर केशरी सूर्य मंदिर में 25 हजार भक्तों ने की पूजा अर्चना

IMG-20230307-WA0005
बासुकीनाथ। जरमुंडी प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में रविवार को सूर्याहु पर्व पूरी नेम निष्ठा व भक्ति के साथ मनाया गया। प्रसिद्ध बासुकीनाथ मंदिर से महज 10 किलोमीटर की दूरी पर सिंहनी पंचायत के केशरी सूर्य मंदिर में फाल्गुन मास, शुक्ल पक्ष, त्रियोदशी उपरांत चतुर्दशी तिथि दिन रविवार को हजारों भक्तों की भीड़ उमड़ी। मंदिर के पुजारी सुरेश राय ने बताया कि करीब 25 हजार भक्तों ने भगवान सूर्य की विधिवत पूजा अर्चना किया। सूर्याहु पर्व को लेकर भक्त के द्वारा दो सप्ताह पूर्व से इसकी तैयारी चल रही थी। इस मौके पर भक्तों ने भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना पूरी नियम-निष्ठा के साथ किया। भक्तों ने अपनी मनौती व पूर्व संकल्पित अनुसार पूजा अर्चना किया। भक्तों के द्वारा पूर्व मनौती के अनुसार मंदिर परिसर में करीब साढ़े पांच सौ पाठा की बलि प्रदान करायी गयी। पूजा अर्चना के उपरांत भक्तों के द्वारा सूर्य मंदिर की परिक्रमा भी की गई। मान्यता है कि सूर्यदेव की विधि विधान से पूजा अर्चना करने से शरीर के सभी कष्टों से मुक्ति मिलती है एवं नि:संतान को संतान सुख और शरीर कष्ट से भी मुक्ति मिलती है। सूर्य देव की पूजा अर्चना को लेकर मंदिर के आस पास दिन भर चहल पहल बनी रही। इस मौके पर जिले के अलावा आसपास के जामताड़ा, देवघर, गोड्डा, बांका सहित कई अन्य जिलों से आए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने खुले आसमान के नीचे प्रसाद बनाकर सगे सम्बन्धियों व मित्रों के साथ मिलकर प्रसाद ग्रहण किया। वहीं दूसरी ओर मंदिर विकास एवं मंदिर की निर्माण की मांग को लेकर निर्माण समिति के सदस्यों ने भक्तों से सहयोग राशि प्राप्त किया।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/ujgc

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *