अनियंत्रित होने से सड़क किनारे रखी ईंटों से टकराया बाइक सवार , दोनों हाथ- पैर और जांघ टूटी
बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त बाइक के उड़े परखच्चे
सड़क दुर्घटना से पूर्व पारिवारिक समस्या को लेकर मानसिक रूप से अवसादग्रस्त था बाईक सवार
बासुकीनाथ। जरमुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत दुमका- देवघर मुख्य सड़क मार्ग पर नावाडीह मेधा डेयरी आऊटलेट के समीप बाइक अनियंत्रित होने से उसपर सवार एक 26 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क दुर्घटना में बाइक सवार के दोनों हाथ-पैर और जांघ टुट गए हैं। यह सड़क दुर्घटना रविवार देर रात की है। दुर्घटना में घायल बाइक सवार की पहचान देवघर सत्संग निवासी मुकुल आनंद (26 वर्ष) पिता विजय शर्मा के रूप में की गई है। सड़क दुर्घटना के बाद सामाजिक कार्यकर्ता निरंजन मंडल और स्थानीय युवाओं ने घायल युवक मुकुल आनंद को जरमुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां अस्पताल के ओपीडी में मौजूद डाक्टर उमाशंकर मेहरा व चिकित्सा कर्मियों ने गंभीर रूप से जख्मी मुकुल की प्राथमिक चिकित्सा की। घायल युवक मुकुल की स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए उसे एंबुलेंस से देवघर रेफर कर दिया गया। इस मौके पर जरमुंडी थाना के एएसआई आरके सिंह, मुंशी अशोक कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता निरंजन मंडल, भूषण यदुवंशी ,राज सिन्हा ,आनंद मिश्रा, सौरभ मंडल आदि ने घायल की मदद की। स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने से लेकर देवघर रेफर कराने तक जे कार्य में सहयोग किया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ता निरंजन मंडल ने बताया कि बाइक की गति सीमा काफी अधिक थी और बाइक सवार अपने वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिस कारण उसकी बाइक सड़क किनारे रखे ईटों से जा टकराया। गनीमत रही कि बाइक पास ही में स्थित आम पेड़ से नहीं टकराई अन्यथा मुकुल की जान जा सकती थी। बताया जाता है कि बाइक सवार युवक दुर्घटना से पूर्व पारिवारिक समस्या को लेकर मानसिक रूप से अवसादग्रस्त था और दुमका से बाईक पर सवार होकर देवघर लौट रहा था। इस क्रम में देर रात उसकी बाइक दुर्घटना ग्रस्त हो गई और वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।मुकुल की चिकित्सा देवघर के एक निजी अस्पताल में चल रही है।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/0jcw