समय की बचत के साथ-साथ बच्चों की परेशानी होगी दूर
बड़कागांव। गोंदलपुरा खनन परियोजना के तहत अदाणी फॉउंडेशन ने मंगलवार को बड़कागांव प्रखंड के विभिन्न गांव के बच्चों के बीच कार्यालय परिसर में निःशुल्क ब्रांडेड साइकिल का वितरण किया। अपने सामाजिक दायित्व के निर्वहन के क्रम में अदाणी फॉउंडेशन ने सात ऐसे लड़के और लड़कियों को साइकिल प्रदान किए, जिन्हें पढ़ने के लिए स्कूल आने में काफी कठिनाई होती थी। इन बच्चों को राज्य सम्पोषित हरली प्लस टू उच्च विद्यालय पढ़ने के लिए अपने गांव से करीब दस से 12 किलोमीटर पैदल, ऑटो या किसी अन्य साधन से जाना पड़ता था। अब साइकिल मिल जाने से दसवीं और बारहवीं कक्षा में पढ़ने वाले इन बच्चों का समय बचेगा और स्कूल आने जाने में हो रही कठिनाई भी दूर हो जाएगी। गोंदलपुरा, बलोदर और गाली गांव के ये बच्चे साइकिल पाकर बेहद प्रसन्न नजर आए। साइकिल का और भी अन्य कार्यों में ये उपयोग कर सकेंगे। आने वाले दिनों में भी अदाणी फॉउंडेशन की ओर से परियोजना प्रभावित गांव के विद्यार्थियों को हर संभव मदद प्रदान करने की कोशिश की जाएगी। राज्य सम्पोषित हरली प्लस टू उच्च विद्यालय में अदाणी फॉउंडेशन की ओर से विज्ञान विषय के दो विशेष शिक्षक नियुक्त किए गए हैं, जो लगातार विद्यार्थियों को विज्ञान पढ़ा रहे हैं। इस स्कूल में विज्ञान विषय के शिक्षक नहीं रहने के कारण बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही थी और उन्हें पढ़ने के लिए बाहर जाना पड़ता था। साइकिल वितरण कार्यक्रम के अवसर पर परियोजना प्रमुख धर्मेंद्र दूबे, डीजीएम संजय कुमार, सेवानिवृत डीएसपी सूर्य कुमार सिंह, सुरक्षा प्रबंधक रामअवध यादव, सीएसआर प्रबंधक मोहित गुप्ता, शरद मिश्रा, उप प्रबंधक संतोष तिवारी और चेतन साई समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।