यक्ष्मा पीड़ितों की मदद को लेकर स्वास्थ्य विभाग के साथ की बैठक
बासुकीनाथ। जरमुंडी प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर कर ड्यूटी से गायब रहने वाले स्वास्थ्यकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उपरोक्त बातें जरमुंडी प्रखंड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू ने बुधवार को बासुकीनाथ नंदी चौक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान कही। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार को लेकर सभी स्वास्थ्यकर्मियों से आपेक्षित सहयोग करने की बात कही। बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू ने बुधवार को अपराह्न साढ़े तीन बजे बासुकीनाथ नंदी चौक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। इस दौरान बीडीओ ने प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मियों के साथ बैठक की। उन्होंने यक्ष्मा पीड़ितों की मदद के लिए किए जा रहे कार्यों, निक्षय मित्रों की जानकारी ली। प्रखंड क्षेत्र में यक्ष्मा पीड़ितों की सूची प्राप्त की। यक्ष्मा पीड़ितों को दिए जाने वाले दवा व अन्य चिकित्सा मदद कार्यों की जानकारी प्राप्त की। बैठक के क्रम में उन्होंने उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर करके ड्यूटी से फरार कुल आठ स्वास्थ्य कर्मियों पर कार्रवाई की बात कही। बीडीओ ने उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर कर ड्यूटी से गायब रहने वाले स्वास्थ्यकर्मियों मंदीप कुमार, अशोक कुमार, आदेशपाल नीतू कुमारी व सुखी हांसदा, लिपिक संजय कुमार, आशीष कुमार गण, एसटीएस आनंद हांसदा, आउटसोर्सिंग कर्मी हेमा कुमारी पर कार्रवाई किए जाने की बात कही। इस मौके पर जेएसएस अरविंद कुमार, चिकित्सक उमाकांत मेहरा, लेखापाल सुनील कुमार सिंह सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/t2kx