जामा I जामा प्रखंड मुख्यालय के चिगलपहड़ी, मोहुलबना, सिमरा एवं तपसी पंचायत में चल रहे प्रधानमंत्री आवास के कार्यों का निरीक्षण गुरुवार को बीडीओ सिद्धार्थ शंकर यादव ने किया। उन्होंने लंबित लगभग एक हज़ार प्रधानमंत्री आवास के कार्य न पूरा होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए सभी लाभुकों को अविलंब आवास पूर्ण करने का निर्देश दिया। मौके पर मौजूद पंचायत सचिव और स्वयं सेवकों को लाभुकों से मिलकर आवास निर्माण में आनेवाली अड़चनों को दूर करने का निर्देश दिया। बीडीओ ने वैसे लाभुकों को जो आवास की राशि की निकासी करने के बावजूद आवास को पूर्ण नहीं कर रहे हैं उन्हें एक सप्ताह के अंदर आवास पूर्ण करने की कड़ी चेतावनी दी। साथ ही लाभुकों पर कार्यवाही करने की भी बात कही। मौके पर एसबीएम समन्यवक विकास मिश्रा, संबंधित पंचायत के मुखिया और पंचायत सचिव उपस्थित थे।