रांची I झारखंड सरकार ने जंगली जानवरों के हमले के शिकार हुए लोगों का मुआवजा बढ़ा दिया है। गंभीर रूप से घायल होने वाले लोगों को अब सरकार 1.5 लाख रुपये देगी।वहीं, जंगली जानवरों के शिकार होने वाले विकलांगों को सरकार 3.25 लाख रुपये देगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
विकलांग को मिलेंगे 3.25 लाख रुपये
कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने बताया कि जंगली जानवरों के हमले के दौरान गंभीर चोटें आने पर पीड़ितों के लिए मुआवजे की राशि को एक लाख रुपये से बढ़ाकर 1.5 लाख रुपये कर दिया गया है,जबकि किसी व्यक्ति के विकलांग होने की स्थिति में मुआवजे की राशि को 2 लाख रुपये से बढ़ाकर 3.25 लाख रुपये कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जंगली जानवरों के हमले के कारण मामूली चोटें आने पर भी पीड़ितों को बढ़ा हुआ मुआवजा मिलेगा। मुआवजा राशि को 15 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा घर और संपत्ति के नुकसान की भरपाई के लिए अब सरकार एक लाख रुपये देगी।
इन प्रस्तावों पर भी लगी मुहर
कैबिनेट ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक के प्रशासनिक ब्लॉक के निर्माण के लिए 11.23 करोड़ रुपये की लागत से रांची के नगड़ी में बैंक ऑफ इंडिया को 1.57 एकड़ भूमि के हस्तांतरण के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में 0.28 एकड़ जमीन गेल को सिटी गैस स्टेशन के निर्माण के लिए 30 साल की लीज पर देने की भी मंजूरी दी। अन्य प्रस्तावों में आयुष्मान भारत योजना के तहत गिरिडीह में 100 बिस्तरों वाला क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक अस्पताल शामिल है।