बीजेपी को सत्ता से बेदखल करने के लिए बिहार ने दूसरे राज्यों को रास्ता दिखाया : तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने झारखंड में जाति आधारित सर्वे की वकालत की, भाजपा पर साधा निशाना

full
रांची। बिहार के उपमुख्यमंत्री राजद के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को कहा कि उन्होंने झारखंड सरकार से बिहार की तरह राज्य में भी जाति आधारित सर्वेक्षण कराने का आग्रह किया है। इससे लोगों की वास्तविक स्थिति निर्धारित करने में मदद मिलेगी।
राज्य में राजद के आधार को मजबूत करने के लिए शनिवार से झारखंड में मौजूद तेजस्वी यादव ने रांची में एक कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मैंने शनिवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और उनसे बिहार की तरह जाति-आधारित सर्वेक्षण करने का आग्रह किया। इससे ग्रामीणों, भूमिहीन व्यक्तियों, सफाई कर्मचारियों और रिक्शा चालकों जैसे लोगों की वास्तविक स्थिति निर्धारित करने में मदद मिलेगी।
राजद नेता ने कहा कि जब तक कुछ वैज्ञानिक आंकड़े उपलब्ध नहीं होंगे, तब तक कल्याणकारी योजनाओं को ठीक से लागू नहीं किया जा सकता है। झारखंड के मुख्यमंत्री ने हमें आश्वासन दिया है कि वह इस मामले को देखेंगे। राजद के वरिष्ठ नेता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी विपक्षी दलों द्वारा बनाई गई सरकारों को गिराने के लिए केंद्रीय एजेंसियों और धन बल का उपयोग करती है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि हमने देखा कि भाजपा ने महाराष्ट्र में क्या किया और झारखंड में क्या करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी को सत्ता से बेदखल करने के लिए बिहार ने दूसरे राज्यों को रास्ता दिखाया है। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में पेश किए गए केंद्रीय बजट में झारखंड को कुछ नहीं दिया गया।  के डिप्टी सीएम ने कहा कि केंद्र ने झारखंड के लिए कुछ भी आवंटित नहीं किया है, क्योंकि उसे राज्य में सरकार बनाने का मौका नहीं मिला। वह राज्य में एक आदिवासी मुख्यमंत्री को शासन करने को बर्दाश्त नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य भाजपा को राज्य में जनाधार हासिल करने से रोकना है। 
इस बीच तेजस्वी यादव के आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि अनुचित तरीके से भाजपा को दूर रखने के लिए राजद, कांग्रेस और झामुमो ने गठबंधन किया है। उन्होंने कहा कि लोग उन्हें 2024 के चुनावों में सबक सिखाएंगे। न केवल झारखंड बल्कि बिहार में भी मतदाताओं द्वारा राजद का राज्य से सफाया कर दिया जाएगा।

The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/onpx

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *