देवघर। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, देवघर शाखा द्वारा देवघर रक्त अधिकोष में रक्त की कमी को दूर करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मुहिम ब्लड डोनेशन ऑन व्हील्स कार्यक्रम के तहत रविवार को देवघर पुलिस के सौजन्य से एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर सह मेडिकल जांच कैम्प का आयोजन देवघर पुलिस लाइन में किया गया । सर्वप्रथम कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक, देवघर सह उपाध्यक्ष इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, देवघर शाखा सुभाष चंद्र जाट, सी०सी०आर पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन, जसीडीह थाना प्रभारी विक्रम प्रताप सिंह, मधुपुर सर्किल इंस्पेक्टर शैलेश कुमार, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी देवघर शाखा के चेयरमैन जितेश राजपाल, वाईस चेयरमैन पीयूष जायसवाल, सचिव निरंजन कुमार सिंह द्वारा रेडक्रॉस कार्यकारिणी सदस्यों की गरिमामय उपस्थिति में सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया । मौके पर अतिथियों का स्वागत करते हुए इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी देवघर शाखा के चेयरमैन श्री राजपाल ने बताया कि उपाध्यक्ष, इंडियन रेडक्रॉस सह पुलिस अधीक्षक देवघर सुभाष चंद्र जाट सर के आह्वान पर आज का यह एकदिवसीय रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है और हम उम्मीद करते हैं कि आपसभी के सहयोग से यह आयोजन बेहद सफल होगा । आप सभी की जानकारी के लिए बताना चाहूंगा कि देवघर के आसपास के जिलों में थैलेसीमिया और कैंसर के मरीजों की संख्या काफी अधिक है और निरंतर उन्हें रक्त की आवश्यकता पड़ती है। इसीलिए ब्लड की आपूर्ति के लिए निरंतर शिविर के आयोजन की आवश्यकता है । आज मैं आप सभी से पुनः यह आह्वान करता हूं कि ब्लड डोनेशन ऑन व्हील्स कार्यक्रम के कार्य को आगे बढ़ाने में हम सभी को आगे भी अपना पूर्ण योगदान देते रहना है। मुझे यह बताते हुए फक्र हो रहा है कि रक्तदान शिविरों के माध्यम से ब्लड कलेक्ट करने में रेड क्रॉस सोसाइटी, देवघर ईकाई सम्पूर्ण झारखंड में दूसरे स्थान पर है। रक्त की आपात जरूरत पड़ने पर यदि रक्त कोष में कोई संबंधित रक्त समूह का रक्त उपलब्ध नहीं है तो रक्तदाता से टेलीफोन पर बात कर उन्हें ब्लड बैंक बुलाकर रक्तदान करवाती है और जरूरतमंद को रक्त समय पर उपलब्ध कराने का पूरा प्रयास किया जाता है। और यह वर्ष भर 24 × 365 हम सभी करते ही रहते हैं ।
मौके पर एसपी ने बताया कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है। इसलिए शिविरों के माध्यम से रक्त एकत्र किया जाता है, जिससे किसी भी जरूरतमंद को समय पर उपलब्ध कराकर उसकी जान बचाई जाती है। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से शरीर द्वारा रक्त बनाने कि प्रक्रिया तीव्र हो जाती है। शरीर में रक्त कोशिकाएं तेजी से बनने लगती हैं और लाल रक्त कोशिकाओं का फिर से निर्माण होता है । संबंधित थाना के माध्यम से जिले के सभी पंचायतों में पुलिस पब्लिक मीटींग के दरम्यान जमीनी स्तर पर रक्तदान शिविर के आयोजन का सुझाव व आश्वासन उन्होंने दिया और यह भरोसा दिलाया कि ग्रामीण स्तर पर रक्तदान को प्रोत्साहित करने के लिए पुलिस प्रशासन निरंतर प्रयत्नशील रहेगी और प्राइवेट स्टेकहोल्डर्स के साथ साथ जनप्रतिनिधियों को भी इससे जोड़ा जाएगा । मानवीय सेवा के कार्य के लिए रेडक्रॉस के सदस्यों की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि देवघर के सभी सामाजिक संगठनों को आगे आकर अन्य सामाजिक सेवा के साथ-साथ रक्तदान को भी बढ़ावा देने के लिए कार्य करना चाहिए ।
सी०सी०आर पुलिस उपाधीक्षक देवघर आलोक रंजन ने बताया कि बताया कि एक व्यक्ति द्वारा किए गए रक्तदान से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है। रक्तदान में ज्यादा से ज्यादा संख्या में युवाओं को हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने रक्तदान करने से होने वाले लाभ के बारे में विस्तार से चर्चा की और सभी रक्तदाताओं को धन्यवाद ज्ञापित किया ।
वाईस चेयरमैन पीयूष जायसवाल ने कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए बताया कि रक्तदान करना किसी व्यक्ति को नया जीवनदान देने के बराबर होता है। रक्त की जरूरत किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है, वो आपका दोस्त भी हो सकता है, आपका परिवार भी हो सकता है या फिर आप खुद भी हो सकते हैं। इसलिए अगर आप स्वस्थ हैं तो आपको रक्तदान जरूर करना चाहिए और इसके प्रति अपना कदम आगे बढ़ाना चाहिए। आपके द्वारा दान की जाने वाली रक्त की प्रत्येक बूंद किसी भी चीज़ से अधिक कीमती है एवं औरों को जीवन दान देने में मदद करता है और मानवता को बेहतर स्तर पर लाता है। रक्तदान का सबसे महत्वपूर्ण लाभ है कि आप उस व्यक्ति का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे जिसके लिए आपका रक्त उपयोगी होगा और उसे एक नया जीवन मिलेगा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/qoxd