केवल कांग्रेस की आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दे सकती है
राज्य में बीजेपी का मतलब- बाबू, जगन और पवन
हैदराबाद। लोकसभा चुनाव 2024 में अब लगभग 400 दिन ही बचे हैं। हाल ही में चुनाव को लेकर एक सर्वे सामने आया है जिसमें कांग्रेस की सीटें बढ़ने का अनुमान लगाया गया था। इस बीच एक कांग्रेस नेता ने बड़ी भविष्यवाणी की है कि 2024 के आम चुनाव में कांग्रेस 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी।
आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष एन तुलसी रेड्डी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये दावा किया। कांग्रेस की बड़ी जीत का दावा करते हुए तुलसी रेड्डी ने कहा कि केवल कांग्रेस की आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दे सकती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पहले से ही विशेष दर्जे के खिलाफ थी और वह राज्य की तीनों पार्टियों पर दबाव बनाए हुए है, जिससे उनके लिए विशेष दर्जा या फिर स्पेशल पैकेज मांगना मुश्किल हो गया।
रेड्डी ने एलान किया कि राज्य के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अकेले मैदान में उतरेगी। उन्होंने सभी क्षेत्रीय पार्टियों पर राज्य में असफल होने का आरोप लगाते हुए चंद्रबाबू नायडू, जगन मोहन रेड्डी और पवन कल्याण पर तंज कसा। रेड्डी ने कहा राज्य में बीजेपी का मतलब- बाबू, जगन और पवन हो गया है।
उन्होंने सर्वे का जिक्र करते हुए कहा कि इंडिया टुडे के हाल ही में हुए सर्वे में देश का मिजाज सामने आया है जिसमें कांग्रेस को ज्यादा सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं। रेड्डी ने आगे कहा कि चुनाव में 15 महीने हैं और यह आगे चलकर और बढ़ेगा।