रांची। झारखंड के नए राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने आज राजभवन में 11वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली है। शपथ ग्रहण समारोह में झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश अपरेश कुमार सिंह ने राज्यपाल को शपथ दिलाई।
सीपी राधाकृष्णन ने ली राज्यपाल की शपथराज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के शपथ समारोह में उनकी पत्नी भी मौजूद थी। साथ ही चेन्नई से भी कई लोग कार्यक्रम में पहुंचे हुए थे। इस समारोह में वे अपने राज्य के वेशभूषा में दिखे। इस दौरान समारोह में सीएम हेमंत सोरेन, मंत्री आलमगीर आलम, सांसद संजय सेठ, विधानसभा अध्यक्ष सहित कई लोग मौजूद थे। शपथ ग्रहण के बाद सभी ने राज्यपाल को बधाई दी।
पहला लक्ष्य है झारखंड का विकास
राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि झारखंड के राज्यपाल के तौर पर शपथ ग्रहण करके बहुत खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के तौर पर उनका पहला लक्ष्य झारखंड का विकास होगा। बिना विकास के गरीबी नहीं हटाई जा सकती है। ऐसे में सभी के सहयोग से राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास और ग्रामीण क्षेत्रों में पानी उपलब्ध कराने की कोशिश होगी।