मामला महागामा थाना क्षेत्र का
महागामा। बुधवार की शाम अपनी सहेली के घर होली खेलने गई एक 17 वर्षीया नाबालिग लड़की का शव गुरुवार की सुबह बरामद किया गया। नाबालिग लड़की का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। समझा जाता है कि हत्या से पूर्व नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया और दुष्कर्म के बाद अपराधियों ने बेरहमी पूर्वक नाबालिग की हत्या कर दी। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही इस बात का खुलासा हो सकेगा कि हत्या से पूर्व दुष्कर्म हुई थी या नहीं। पुलिस हर बिंदु पर मामले की जांच कर रही है। गुरुवार की सुबह महागामा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर पहाड़ के समीप एक नाबालिग लड़की का शव मिलने से लोगों में दहशत का माहौल हो गया। घटना की सूचना थाना को दी गई। सूचना पाकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव शंकर तिवारी एवं थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गये। सूचना पाकर मृतका के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। परिजन शव को देखकर बिलख- बिलख कर रो पड़े।
मृतका के परिजनों ने बताया कि बुधवार की शाम को अपनी सहेली के घर अबीर खेलने के लिए गयी थी। लेकिन घर नहीं लौटी। जब देर शाम तक वह घर नहीं आई, तो घरवालों ने खोजबीन शुरू कर दी। परिजन रात भर ढूंढते रहे, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला। गुरुवार को अहले सुबह लड़की का शव एक खेत में मिला। परिजनों के अनुसार, लड़की का दुपट्टा उसकी सहेली के घर में मिला है।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव शंकर तिवारी ने बताया कि प्रथमदृष्टया यह प्रतीत होता है कि नाबालिग की निर्मम तरीके से हत्या की गई है। साथ ही पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सुबह एक लड़की का शव मिलने की खबर इलाके में सनसनी की तरह फैल गयी। हर कोई अपने- अपने तरीके से घटना की व्याख्या कर रहा है। कुछ इसे सामान्य हत्या तो कुछ लोग इसे दुष्कर्म के बाद हत्या की बात भी बता रहे थे। हालांकि पुलिस छानबीन के बाद पता चलेगा कि घटना की पीछे की वजह क्या है और दोषी कौन है। वहीं पुलिस के द्वारा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोड्डा भेज दिया गया।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/osvo