बालू माफियाओं द्वारा हत्या की आशंका
देवघर I जसीडीह थाना अंतर्गत डढ़वा नदी बंका गांव के नजदीक के घाट से सिद्धेश्वर तुरी नाम के एक चौकीदार का शव बरामद किया गया है।इस घटना की सूचना से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गयी।वहीं शव को देखने से प्रतीत होता था उसके सर पर सटाकर गोली मारी गयी है।मृतक चौकीदार बंका गांव का ही निवासी बताया जाता है।चौकीदार बीते शुक्रवार की देर रात बालू घाट पर गया हुआ था और इसी घाट पर उसे गोलिमारी गयी है।वहीं आशंका जताई जा रही है कि बालू माफियाओं द्वारा उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई है।गौरतलब है कि बिहार से सटा होने के कारण बंका बालू घाट से बालू माफियाओं द्वारा प्रतिदिन बालू का अवैध उत्खनन कर बिहार भेजा जाता है।सूत्रों की मानें तो अहले सुबह जब चौकीदार इसका विरोध करने लगा तो बालू माफियाओं द्वारा इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया होगा?चौकीदार की हत्या की खबर सुनते ही पुलिस महकमा मैं हड़कंप मच गया।जिला के एसपी सुभाष चंद्र जाट द्वारा घटनास्थल का जायजा लिया गया और वस्तुस्थिति की जानकारी ली गई।एसपी ने बताया कि पुलिस हर बिंदु पर अपना गहन जांच शुरू कर दी है और जल्द ही हत्या की वजह और हत्यारा का पता चल जाएगा।बताते चलें कि इन दिनों देवघर में बालू माफियाओं का मनोबल बहुत बढ़ा हुआ है।इनके द्वारा आए दिन किसी न किसी घटना को अंजाम दिया जा रहा है।बीते दिनों बालू माफियाओं द्वारा जिला खनन पदाधिकारी के साथ भी मारपीट की घटना को भी अंजाम दिया गया था।इन पर नकेल कसना पुलिस के लिए एक बड़ा चैलेंज होगा।