गिरिडीह। माले नेता राजेश यादव, बेंगाबाद के जिप सदस्य केदार हाजरा तथा ताराटांड़ पंचायत के मुखिया वीरेंद्र दास सहित कई अन्य ने कल शाम बड़कीटांड़ (खुटरी) निवासी 28 वर्षित महेंद्र यादव नामक व्यक्ति की निर्मम तरीके से हत्या कर दिए जाने के मामले में अविलंब हत्यारों को पकड़ने की मांग की है।
मालूम हो, महेंद्र यादव की कल शाम अपने घर से बेंगाबाद ड्यूटी जाते समय काशीटांड़ (महुआर) के नजदीक संभवतः गला दबाकर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी मिलने पर आज उक्त नेताओं और समाजसेवियों ने महेंद्र यादव के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढाढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि, हम सबों ने प्रशासन को मौका दिया है कि, हत्यारों को ढूंढ निकाला जाए। लेकिन अगर इसमें तनिक भी लापरवाही बरती गई तो वे ग्रामीणों के साथ हत्यारों को पकड़ने की मांग को लेकर सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे।
अलावे माले नेता श्री यादव ने कहा कि, वे पीड़ित के परिजनों को पर्याप्त मुआवजा देने की भी मांग करते हैं। उन्होंने कहा कि महेंद्र यादव घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था और उसके नहीं रहने से उसका परिवार सड़क पर आ गया है। माले नेता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस तरह के मामलों में पीड़ित परिवार के लिए माकूल व्यवस्था किए जाने की मांग की।
मौके पर उक्त के अलावा माले नेता फोदार सिंह, कमरुद्दीन अंसारी, सुखदेव यादव, छोटू दास, पवन शर्मा, पप्पू यादव, राम बाबू, राजू यादव, अशोक यादव, राजेश यादव, प्रदीप यादव, कैलाश यादव, भागीरथ यादव, हामिद अंसारी, कैलाश दास, दिनेश यादव, मंटू यादव, किशोरी राणा, सदानंद यादव, घनश्याम यादव सहित अन्य महिला पुरुष मौजूद थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/oloh