उपायुक्त ने जामा में औचक निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित कर्मियों का काटा हाजरी

5
3
4
7
8

जामा प्रखंड और अंचल कार्यालय का बुधवार को  उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने  औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रखंड तथा अंचल कार्यालय के कर्मियों के उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया एवं अनुपस्थित कर्मियों का हाजरी काटते हुए कारण पृच्छा करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने  सभी कर्मी को कहा कि  बायोमैट्रिक पद्धति से अपनी उपस्थिति प्रतिदिन दर्ज करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यालय में लगे बायोमैट्रिक मशीन की भी जांच की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बारी बारी से सभी कर्मियों को बुलाकर उपस्थिति पंजी से मिलान किया। साथ ही कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों से बारी बारी से उनकी समस्याएं जानी और उसका ऑन द स्पॉट निष्पादन किया।  इस दौरान प्रखंड कार्यालय में उपस्थित आंगनबाड़ी सेविकाओं से उपायुक्त ने बात की एवं उन्हें संबोधित किया। उन्होंने बताया  कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी सेविकाओं का योगदान महत्वपूर्ण है। आप सभी पूरी ईमानदारी से सरकार की योजनाओं को समाज के योग्य लाभुकों तक पहुचाने का कार्य करें। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना से सभी योग्य लाभुकों को जोड़ने का निर्देश दिया गया। लोगों को उनका हक बिना प्रयास के मिले इसे सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। उपायुक्त ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र अपने समय से खुले तथा समय पर बंद हो, आंगनबाड़ी सेविका इसका विशेष ध्यान रखें। आंगनबाड़ी केंद्र में पेयजल या शौचालय से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या हो तो अविलंब अपने सीडीपीओ और बीडीओ को अवगत करायें ताकि उक्त व्यवस्था को सुनिश्चित कराया जा सके। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को पोषक आहार के साथ साथ मूलभूत जानकारी भी उपलब्ध करायी जाय। बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु आवश्यक गतिविधियों को प्राथमिकता के आधार पर करायी जाय। वीएचएसएनडी के दौरान महिलाओं के साथ साथ बच्चों के भी हीमोग्लोबिन की जांच अवश्य की जाय। हिमोग्लोबो मीटर वीएचएसएनडी के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में उपलब्ध रहे इसे सुनिश्चित करें। हल्का कर्मचारी को फील्ड में रहने का निर्देश दिया गया। मौके पर बीडीओ सिद्धार्थ शंकर यादव, सीओ आशीष कुमार मंडल, सीडीपीओ पूनम टोप्पो, थाना प्रभारी जितेंद्र साहू, बीईईओ सुधा कुमारी सहित प्रखंड और अंचल कर्मी उपस्थित थे।

The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/8cvu

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *