जरमुंडी में पंचायत समिति की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा की गयी

जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था पर चिंता जताया

IMG-20230306-WA0023
बासुकीनाथ। जरमुंडी प्रखंड सभागार में पंचायत समिति की बैठक प्रखंड प्रमुख बंसती टुडू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। उपप्रमुख प्रयाग मंडल, बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू की उपस्थिति में समिति के सदस्यों ने प्रखंड के विभिन्न पंचायत में बिजली, पानी, शिक्षा एवं स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताते हुए इस दिशा में यथाशीघ्र सकारात्मक सुधार की बात कही। इस बैठक में बिजली विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी के अनुपस्थिति को लेकर नाराजगी जताते हुए प्रमुख बसंती टुडू ने दोनों विभागों को स्पष्टीकरण भेजने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उपरोक्त दोनों विभागों के पदाधिकारी का एक दिन का मानदेय काटे जाने का प्रस्ताव भी सदन से पारित किया गया। उपप्रमुख प्रयास मंडल ने जरमुंडी प्रखंड में शिक्षा विभाग में फैली हुई अनियमितता पर प्रकाश डालते हुए कहा की पिछले दिनों जरमुंडी प्रमुख बसंती टुडू और उपप्रमुख प्रयाग मंडल के द्वारा जरमुंडी प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में औचक निरीक्षण के क्रम में मध्यान्ह भोजन योजना एवं विद्यालय के संचालन में अनियमितता पाई गई थी। इस दौरान स्कूल में खेल सामग्री क्रय मद में प्राप्त राशि का दुरुपयोग करने, विद्यालय के रखरखाव में प्राप्त राशि का बंदरबांट करने संबंधी कई बातों की जानकारी दी गई। उप प्रमुख ने इसके अलावा विद्यालय में चावल की ढुलाई के लिए व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने के लिए नियमों को ताक पर रखने की बात कही। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की भी जांच की गई जिसमें कनीय अभियंता द्वारा बताया गया कि विभाग में पाइप उपलब्ध नहीं है और शॉकपीट निर्माण कार्य में काफी अनियमितता पाए जाने की बात उठाई गई। कई जगहों पर शॉकपीट निर्माण में छड़ के जगह पर बांस के प्रयोग की बात सामने आई। कार्यक्रम में पूर्व से अधूरी योजनाओं की समीक्षा हुई। इसके साथ ही प्रखंड में नये विकास कार्य योजनाओं पर भी चर्चा की गई। सदस्यों ने बिजली, सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा, मनरेगा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषि, जनवितरण प्रणाली, केसीसी, जन्म-मृत्यु, नल-जल योजना, सड़क, पुल-पुलिया समेत अन्य मुद्दों को उठाया। सदस्यों के स्तर पर उठाए गए मुद्दों को पदाधिकारियों ने जवाब दिया। सदस्यों ने कहा कि प्रखंड में शिक्षा व स्वास्थ्य की बदत्तर स्थिति बनी हुई है। स्कूलों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल रहा है। शिक्षकों पर किसी प्रकार का कोई अंकुश नहीं है। प्रखंड क्षेत्र में विद्यालयों का मनमाने ढंग से संचालन किया जा रहा है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर सरकार की अनेक योजनाएं संचालित है बावजूद इस दिशा में कोई सुधार नहीं है। समिति के सदस्यों ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जताया। विधायक प्रतिनिधि सह प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष सत्यनारायण यादव ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों को मिले इसके लिए गांवों में लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि सह प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष सत्यनारायण यादव, उपप्रमुख प्रयाग मंडल, श्याम सुंदर मंडल, अनूप लाल, श्याम सुंदर यादव, हेमलाल, लवलेश, शारदा देवी, मीणा हेंब्रम, कविता देवी, बहामुनी, शिवनारायण, बुद्धि लाल सहित कई अन्य पंचायत समिति सदस्य व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/e8au

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *