बैठक में मंत्री बादल पत्रलेख , विधायक नारायण दास व सारठ विधायक रणधीर सिंह भी रहे मौजूद
देवघर। गुरुवार को विकास भवन के सभागार में मंत्री चम्पई सोरेन की अध्यक्षता में जिला बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। पूर्व में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने मंत्री चम्पई सोरेन, मंत्री बादल का स्वागत किया। साथ ही वरीय अधिकारियों द्वारा विधायक देवघर नारायण दास, विधायक सारठ रणधीर सिंह, बीस सूत्री के उपाध्यक्ष मुन्नम संजय व बीस सूत्री के सभी सदस्यों को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
इसके अलावे बैठक के दौरान मंत्री सह अध्यक्ष चम्पई सोरेन ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि दो वर्षों से कोरोना संक्रमण की वजह से बैठक का आयोजन नहीं हो सका। ऐसे में आज तीसरे साल की पहली बैठक हो रही है। कोरोनाकाल में जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने बढ़िया तरीके से अच्छा काम किया है। इसके लिए सभी को बधाई व शुभकामनाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि ससमय योजनाओं को पूर्ण करते हुए अंतिम पायदान के अंतिम व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिलता रहे यह सुनिश्चित करें। सकारात्मक सोच के साथ जमीनी स्तर पर मिलकर कार्य करें, ताकि राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुयोग्य लोगों को मिलता रहे।
इसके अलावे बैठक के दौरान मनरेगा के तहत चल रहे विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए सदस्यों द्वारा सुझावों पर संज्ञान लेते हुए मंत्री चम्पई सोरेन ने भुगतान में हो रही देरी के अलावा चल रहे कार्यों में पारदर्शिता बरतने की बात कही। आगे उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य और उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार प्रदान करना है।
बैठक के दौरान जिला बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन की बैठक में शिक्षकों की नियुक्ति की बिंदु पर चर्चा करते हुए जल्द से जल्द रिक्तियां भरने का निर्देश माननीय मंत्री श्री चम्पई सोरेन ने दिया। साथ ही बैंकों द्वारा केसीसी एवं रोजगार सृजन से जुड़े मामलों में ऋण न देने से जुड़े बिन्दुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए एलडीएम को आवश्यक निर्देश दिया गया। वहीं उपायुक्त ने कार्य में स्थिलता व खराब प्रदर्शन करने वाले बैंकों की सूची उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करने का निदेश दिया, ताकि ऐसे बैंकों के विरूद्ध भारत सरकार के वित विभाग को पत्राचार किया जा सके।
बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति की बैठक में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री श्री सोरेन ने स्वास्थ्य विभाग को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर सरकार अलर्ट पर है। उन्होंने सदर अस्पताल में बेड, डॉक्टर्स, दवाओं, ऑक्सीजन सहित अन्य जरूरी मेडिकल उपस्करों की उपलब्धता एवं क्रियाशीलता को लेकर जानकारी ली एवं सभी सुविधाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। वहीं माननीय मंत्री ने डॉक्टर्स की कमी को संज्ञान में लेते हुए इस कमी को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया।
इसके अलावे जिला बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन की बैठक में देवघर विधायक श्री नारायण दास, सारठ विधायक श्री रणधीर सिंह ने अपने-अपने सुझावों व समस्याओं को बैठक में रखा जिस पर संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा आवश्यक जानकारी उपलब्ध करायी गयी।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/zmla