किसानों को गर्मा मौसम में उत्पादित होने वाले सब्जी एवं फसलों की जानकारी दी गई
जरमुंडी प्रखंड के राजा सिमरिया में रबी फसलों का प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन
बासुकीनाथ। जरमुंडी प्रखंड के राजा सिमरिया में आत्मा दुमका के द्वारा रबी फसलों का प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र दुमका के वैज्ञानिक डाक्टर कुमार शैलेंद्र मोहन, आत्मा दुमका के उप परियोजना निदेशक संजय कुमार मंडल मौजूद थे। आत्मा के उप परियोजना निदेशक संजय कुमार मंडल के द्वारा रबी फसलों का प्रबंधन, गर्मा (गरमा) फसलों के लिए खेती की प्रारंभिक तैयारी, गर्मा (गरमा) फसल एवं सब्जी को लगाने की विधि के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने गर्मा मौसम में उत्पादित होने वाले सब्जी, भिंडी, बैंगन, मिर्च, लत्तर वाली सब्जी, कद्दू, करेला, नेनुआ, झिंगा, खीरा के प्रबंधन के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। संजय कुमार मंडल ने वर्तमान समय में फसलों को पाले (कुहासे) से बचाव को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि झारखंड राज्य कृषि ऋण माफी योजना के लाभुकों को ई-केवाईसी कराना आवश्यक है। इसके लिए दुमका जिले के सभी बैंकों में नौ जनवरी से 25 जनवरी तक कैंप का आयोजन किया जा रहा है। संजय कुमार मंडल ने बताया कि बिना ई-केवाईसी कराये हुए इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र दुमका के वैज्ञानिक डाक्टर कुमार शैलेंद्र मोहन द्वारा मिट्टी में मिलने वाले पोषक तत्व, वर्मी कंपोस्ट बनाने की विधि, डोलोमाइट प्रयोग करने की विधि एवं मिट्टी जनित रोग के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। प्रखंड तकनीकी प्रबंधक समरेंद्र कुमार सिन्हा ने कृषि विभाग द्वारा संचालित योजना, आत्मा द्वारा संचालित योजना के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए किसानों से इसका लाभ उठाने की अपील की। इस मौके पर आसपास के विभिन्न गांव से आए सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/0rxf