बाबा मंदिर के आसपास क्षेत्र से हटाया गया अतिक्रमण

दुकान में आगजनी की घटना के बाद चेता नगर निगम प्रशासन

बसंतपंचमी व महाशिवरात्रि का बहाना बनाकर भी चलाया गया जेसीबी, दी गई चेतावनी

नगर आयुक्त के कड़े रूख के बाद अधिकारी व कर्मियों में हड़कंप

देवघर। बाबा मंदिर के समीप बीते दिनों मंगल पंसारी की दुकान में आगजनी की घटना के बाद नगर निगम प्रशासन में चेतना आयी है। वैसे तो आज उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के सख्त निर्देश के बाद नगर निगम प्रशासन द्वारा बसंतपंचमी मेला व महाशिवरात्रि का बहाना बनाकर देवघर नगर निगम की ओर से मंगलवार को बाबा मंदिर व आसपास के क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाव अभियान चलाया गया। साथ ही दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया गया है कि रास्ते में अतिक्रमण न करें। नगर निगम शहर के सभी मार्केट में अतिक्रमण हटाएगा। अतिक्रमण हटाने के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन नगर निगम ने निगम क्षेत्र के संकरे रास्तों पर किए गए अतिक्रमण को जेसीबी से हटाया। अभियान का नेतृत्व नगर प्रबंधक सतीश कुमार दास व प्रकाश मिश्रा कर रहे थे। इस बाबत नगर आयुक्त सह प्रशासक शैलेंद्र कुमार लाल समय समय पर अतिक्रमण हटाने को लेकर निर्देश दिया करते हैं, लेकिन मातहत अधिकारी व कर्मचारी सिर्फ कोरम पूरा करने का काम करते हैं। अधिकारी ने बताया कि देवघर नगर निगम की योजना है कि सभी रिहायशी इलाकों में अतिक्रमण हटाया जाएगा। नगर निगम की इस कार्रवाई की वजह बीते रविवार की देर शाम बाबा मंदिर से सटे बड़ा बाजार इलाके में लक्ष्मी मंगल पंसारी की दुकान मे भीषण आग लगी थी। जिसमें लाखों का समान जलकर राख हो गया था। नगर आयुक्त के सख्त निर्देश के बाद आज आजाद चौक से होते हुए बड़ा बाजार और बाबा मंदिर के आस-पास के इलाकों से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। 

#अतिक्रमण ना होता तो बच सकती थी कई दुकानें 
इलाके में अतिक्रमण की वजह से सड़कें काफी संकरी हो गई है। जिसकी वजह से आगजनी की घटना के बाद मौके पर दमकल की गाड़ियों को पहुंचने में काफी देर लग गई थी। बताया जा रहा है कि अगर रास्ता क्लियर मिलता तो न सिर्फ आग पर जल्दी काबू पाया जा सकता था बल्कि नुकसान भी कम होता। आग लग जाने के बाद तुरंत ही दमकल विभाग को सूचित किया गया था। लेकिन रास्ते इतने संकरे थे कि आगे दमकल वहां तक जा ही नहीं पाया। जिसके बाद रास्ते से सामानों को हटाते हुए दमकल गाड़ी मंगल पसारी के दुकान के पास पहुंच पाया था, तब तक आग बहुत फैल चुकी थी। जिसको देखते हुए आज नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। 
सभी रिहायशी इलाकों में हटाया जाएगा अतिक्रमण
देवघर नगर निगम की इस कार्रवाई में बड़ा बाजार से लेकर आजाद चौक होते हुए बाबा मंदिर तक रास्ते में लगे सभी अतिक्रमण को हटाया गया। दुकानदारों को भी निर्देश दिया गया है कि आगे से रास्ते में अतिक्रमण ना करें। मौके पर नगर प्रबंधक सतीश कुमार दास ने कहा कि देवघर के सभी रिहायशी इलाकों में अतिक्रमण हटाया जाएगा। क्योंकि अतिक्रमण के कारण ही दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच पायी थी। जिसके कारण दुकान में रखे लाखों का सामान जलकर राख हो गया था। फिलहाल बाबा मंदिर के आसपास अतिक्रमण हटाया जा रहा है। जिसके बाद देवघर के सभी मार्केट से अतिक्रमण हटाने का काम किया जाएगा।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/tbyz

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *