मसलिया(दुमका)/ प्रखंड के हथियापाथर गांव में गुरुवार की रात एक फुस का मकान जल कर स्वाहा हो गया. अगलगी की यह घटना रात के 11 बजे की बतायी जा रही है. फुस की मकान गांव के प्रवीर कुमार साहा व माधव चंद्र साहा की थी. अगलगी की इस घटना में घर के भीतर रखे धान,चावल,कपड़े सहित अन्य सामग्रियां जलकर खाक हो गयी. घटना के वक्त घर के अंदर सो रहे माधव चंद्र साहा का पैर इस घटना में आशिंक रूप से जल गया. रात में ही इसकी सूचना ग्रामीणों द्वारा टोंगरा थाना प्रभारी राजेश कुमार को दी गयी. आग बुझाने के लिये फायरब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही फुस का पूरा मकान जलकर खाक हो चुका था. पीड़ित परिवार इस संबंध में पंंचायत की मुखिया शारदा मरांडी को सूचित करते हुए मसलिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर मुआवजे की मांग की है.