काठीकुंड (दुमका)/ प्रखंड के बिछिया पहाड़ी पंचायत के कुलकाठ गांव के पहाड़िया टोला में महीनों से सोलर जलमीनार खराब पड़ा हैं. इस पहाड़िया टोला में 10 से 15 पहाड़िया परिवार निवास करते है. पेयजल व स्वच्छता विभाग द्वारा पीटीजी योजना के तहत सोलर आधारित ग्रामीण जलापूर्ति योजना का निर्माण वर्ष 2018-19 में कराया गया था. ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक इस योजना के तहत डीप बोरिंग के साथ ही जलमीनार का निर्माण व सोलर लगाया गया था. ग्रामीणों रतिया देहरी व अन्य ने बताया कि,जलमीनार बनने के बाद से इसका लाभ मिल रहा था. पिछले 8 महीनें से जलमीनार में आयी खराबी के कारण इस जलमीनार का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है. अब ग्रामीण पीने के पानी के लिये 1 किलोमीटर दूर कुआनुमां जलस्रोत पर आश्रित है,वहीं नहाने व अन्य कॉर्यों के लिये उन्हें 2 किलोमीटर दूर नदी जाना पड़ता है. ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों पहले पंचायत के सरवाय गांव में संपन्न हुए सरकार आपके द्वार में जाकर इस समस्या के लिये आवेदन भी दिया था,लेकिन आज तक कोई पहल नहीं हुई है. जलमीनार किन कारणों से खराब हुआ है,इसको लेकर ग्रामीणों ने जानकारी नहीं होने की बात बतायी. इसी प्रकार पिपरजोरिया में भी सोलर जलमीनार कई महीनों से खराब पड़ा है. इस संबंध में विभागीय जेइ पारस हासदा ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं था,जल्द ही जलमीनार संबंधी समस्या दूर हो जायेगी.
8 महीने से कुलकाठ पहाड़िया टोला का सोलर जलमीनार खराब,चिरनिद्रा में विभाग
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/6ki5