
गिरिडीह: गिरिडीह पुलिस ने चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो कूरियर कंपनी के फर्जी कस्टमर सर्विस अधिकारी बनकर लोगों से ठगी कर रहे थे। यह कार्रवाई गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार की सूचना पर साइबर डीएसपी आबिद खान और उनकी टीम ने की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के पंडरिया निवासी अफजल अंसारी, मो. समीम, गांडेय थाना क्षेत्र के घाटकुल निवासी मनीर अंसारी और मो. रयूफ अंसारी के रूप में हुई है।
साइबर डीएसपी आबिद खान ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांडेय थाना क्षेत्र में कुछ लोग साइबर अपराध में संलिप्त हैं। इस जानकारी के आधार पर एक छापेमारी टीम का गठन किया गया, जिसने इन अपराधियों को धर-दबोचा।
पुलिस अब इन आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन्होंने अब तक कितने लोगों को ठगा है और उनके नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं। अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी कस्टमर सर्विस कॉल के दौरान सतर्क रहें और अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें।
इस कार्रवाई से गिरिडीह पुलिस ने साइबर अपराध पर एक और बड़ा प्रहार किया है
