तीन दिवसीय अंतर महाविद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट संपन्न
गोड्डा। गोड्डा कॉलेज, गोड्डा के खेल मैदान पर एसके मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय अंतर महाविद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट प्रतियोगिता गुरुवार को संपन्न हो गया। फाइनल मुकाबला दुमका की पीजी टीम एवं गोड्डा कॉलेज की टीम के बीच खेला गया। गृह मैदान पर खेलते हुए गोड्डा कॉलेज के खिलाड़ियों ने सिद्धू कान्हू मुर्मु विश्वविद्यालय इंटर कॉलेज क्रिकेट टूर्नामेंट में दुमका के पोस्ट ग्रेजुएट डिपार्टमेंट की टीम को फाइनल में हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। गोड्डा कॉलेज टीम ने 116 रन से विजय प्राप्त की। फाइनल मुकाबला 20 – 20 ओवर का था। गोड्डा कॉलेज के छात्र मोहित कुमार के शानदार 104 रन की बदौलत गोड्डा कॉलेज टीम ने निर्धारित ओवर में 235 रन बनाए। जिसके जवाब में पोस्ट ग्रेजुएट दुमका की टीम 6 विकेट पर मात्र 119 रन ही बना सकी।
वहीं गुरुवार की सुबह सेमीफाइनल खेलते हुए पोस्ट ग्रेजुएट दुमका की टीम ने एसआरटी कॉलेज, धमड़ी को 27 रन से हराया। धमड़ी कॉलेज की टीम ने पोस्ट ग्रेजुएट दुमका की टीम के सात विकेट पर 115 रन के जवाब में मात्र 88 रन ही बना सकी थी।
सिद्धू कानू मुर्मू विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सोना झरिया मिंज ने विजेताओं को पुरस्कार दिए। कुलपति ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि टीम भावना सर्वोपरि है। उन्होंने खिलाड़ियों को बताया कि उत्साह और अच्छा स्वास्थ्य खेल के लिए बहुत आवश्यक है। कुलपति ने कहा कि मैं खुद एक खिलाड़ी रही हूं। इसलिए कह सकती हूं कि जो अच्छा खिलाड़ी है, उसके अच्छे संस्कार भी होते हैं.
इस क्रिकेट टूर्नामेंट की सफलता में कॉलेज के डॉ पंकज कुमार, प्रो मृत्युंजय दुबे, एजाज उल हसन, प्रो पंकज मुर्मू, प्रो सुजन, डॉ ज्योति पंकज, प्रो गणेश राम, प्रो जितेंद्र, प्रो ज्योत्सना, प्रोफेसर दीक्षा भारती, मुकुंद साह, ललित साह, प्रो बद्रीनाथ, सुबोध, राधिका आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कुलपति ने तारीफ करते हुए कहा कि गोड्डा कॉलेज को कोई भी खेल प्रतियोगिता जब सौंपी जाती है, तो विश्वविद्यालय में सभी आसपास रहते हैं। पुरस्कार वितरण समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में गोड्डा के पूर्व प्राचार्य डॉ बीएन तिवारी उपस्थित थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/qb40