शहीद निर्मल महतो के पद चिन्हों पर चलकर राज्य को आगे बढ़ाना है: हेमंत

जमशेदपुर। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि वीर शहीद निर्मल महतो का बलिदान राज्य हमेशा याद रखेगा। झारखंड आंदोलन के इस प्रणेता ने झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाने में अपना प्राण न्योछावर कर दिया। हमें उनके पद चिन्हों पर चलकर राज्य को आगे बढ़ाने का काम करना है। हमें एकजुटता के साथ राज्य के विकास में अपना योगदान देना है। मुख्यमंत्री शहीद निर्मल महतो के 35वें शहादत दिवस के अवसर पर कदमा जमशेदपुर में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहीद निर्मल महतो के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शहीद निर्मल महतो के आवास स्थित उनके स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित किया एवं परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदरणीय गुरुजी के नेतृत्व में झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाने के लिए कई वीरो ने अपने शहादत दिए हैं। कोल्हान प्रमंडल के कई वीर सपूतों ने राज्य को अलग दर्जा दिलाने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। हमें उन शहीदों के सपनों का झारखंड निर्माण करना है। जिसके लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई दिल्ली में आयोजित नीति आयोग की बैठक में सभी राज्य के मुख्यमंत्री आए थे। बैठक में उन्होंने कहा था कि झारखंड का खनिज पूरे देश में जा रहा है लेकिन झारखंड को इसका उचित मुआवजा नहीं मिल पा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का 1 लाख 36 करोड़ रुपए खनन कंपनियों पर बकाया है, केंद्र सरकार इस राशि को दिलाने का कार्य करे ताकि इस राशि का उपयोग राज्य के सर्वांगीण विकास में किया जा सके।

इस कार्यक्रम में कई मंत्री भी हुए शामिल
इस अवसर पर मंत्री, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग चंपाई सोरेन, मंत्री, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग बन्ना गुप्ता, मंत्री, महिला ,बाल विकास एवं समाजिक सुरक्षा विभाग जोबा मांझी, विधायक, ईचागढ़ सविता महतो, विधायक, बहरागोड़ा समीर मोहंती, विधायक पोटका संजीव सरदार, विधायक जुगसलाई मंगल कालिंदी, उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम विजया जादव, जिला प्रशासन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में आम जनता उपस्थित रहे।

घर में एक फलदार पेड़ लगाने पर 5 यूनिट बिजली फ्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सुखाड़ जैसी स्थिति बन रही है, सरकार किसानों के हित के लिए कार्य कर रही है। सरकार खेती के लिए सिंचाई प्राप्त हो सके उसके लिए योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में चारों तरफ कंक्रीट के जंगल बढ़ रहे हैं। इस हेतु सरकार एक योजना लाई है जिसके तहत शहर में रहने वाले व्यक्ति जो एक फलदार पेड़ लगाएंगे उन्हें 5 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी।

9 एवं 10 अगस्त को राज्य में मनाया जाएगा आदिवासी महोत्सव
मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 एवं 10 अगस्त को राज्य में आदिवासी महोत्सव मनाने जा रही है। इस महोत्सव के जरिए हम अपनी संस्कृति को राष्ट्र पटल पर रखने का काम करेंगे। इस महोत्सव में हमारे आदिवासी सभ्यता को दिखाने का कार्य किया जाएगा। इस महोत्सव में विभिन्न राज्य एवं देश-विदेश के आदिवासी भाई-बहन आएंगे जो अपने संस्कृति से हमें अवगत कराएंगे और हमारी संस्कृति को समझने का उन्हें मौका मिलेगा।

The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/26v0

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *