शहरी स्वास्थ्य मिशन द्वारा आयोजित किया गया स्वास्थ्य मेला
गोड्डा। शनिवार को शहरी स्वास्थ्य मिशन के तत्वावधान में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर गोड्डा में स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। जिसमें 68 किशोर एवं किशोरियों का हीमोग्लोबिन एवं व्यक्तिगत स्वच्छता एवं अन्य बीमारियों का जांच एवं उपचार किया गया। बताते चलें कि नवंबर 2022 से अक्टूबर 2023 तक स्वस्थ मन, स्वस्थ घर थीम के अंतर्गत हर माह स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जा रहा है। मौके पर डॉ अजय नन्द पाठक ने बताया कि किशोरावस्था (10-19 वर्ष) वृद्धि तथा विकास की एक महत्वपूर्ण अवस्था होती है। यह बाल्यावस्था से किशोरावस्था में परिवर्तन का समय होता है। इस अवस्था में शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तन बहुत तीव्रता से होते हैं। इस अवस्था में किशोर-किशोरी यौन, मानसिक तथा व्यवहारिक रुप से परिपक्व होने लगते हैं। किशोर- किशोरियों की समस्याएं विभिन्न प्रकार की होती है। उन्होंने आगे बताया कि प्रत्येक समूह की समस्याएं एक दूसरे से अलग हो सकती हैं तथा उनको समाज का ही एक विशेष अंग मानते हुए महत्व देना चाहिए। किशोरावस्था के दौरान हार्मोन परिवर्तन के कारण यौवन काल की शुरुआत होती है। शारीरिक वृद्धि तेजी से होती है। दो तरह का यौन लक्षण प्रकट होता है। इसके साथ ही मानसिक एवं भावनात्मक परिवर्तन – जैसे स्वयं की पहचान बनाना, किसी प्रकार की रोक-टोक पसंद न करना, यौन इच्छा तथा विपरीत लिंग के प्रति आकर्षण की भावना उत्पन्न होती है। इस अवस्था में वे परिवार के अतिरिक्त बाहरी लोगों के सम्पर्क में भी आने लगते हैं। मौके पर शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक जयशंकर ने बताया कि यह मेला प्रत्येक माह की 14 तारीख को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर अलग अलग थीम पर आयोजित की जाएगी। इस कैम्प में कुल 134 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान वार्ड पार्षद गुणानन्द झा, बीटीटी प्रह्लाद कुमार, एलटी प्रभात कुमार, जीएनएम अर्चना कुमारी, किरण मरांडी, एएनएम सिंपू, रीना, रूपम, साधना, अल्बीना, पुष्पा, योग प्रशिक्षक लिली कुमारी, सहिया रानी, प्रेमलता झा, नागोरी देवी, रजनी कुमारी आदि ने भाग लिया।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/6o9r