बाबा बैधनाथ मंदिर दर्शन पूजन के लिए आने वाली चौथी राष्ट्रपति होंगी द्रौपदी मुर्मू
देवघर I महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत आज बुधवार को देवघर बाबा नगरी आगमन होनें जा रहा है इसको लेकर राज्य और जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है।सुरक्षा की दृष्टिकोण से भी पूरी व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है।बताते चलें कि महामहिम राष्ट्रपति बाबा बैधनाथ का दर्शन पूजन के लिए विशेष रूप से पहुंच रही हैं उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री द्वारा जानकारी दी गई है कि महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के देवघर आगमन कार्यक्रम के तहत बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूरे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा पाठ किया जाना है।ऐसे में 24-05-2023 को महामहिम राष्ट्रपति द्वारा बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना को लेकर विधि व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा पूर्वाहन 06 बजे से पूर्वाहन 10:30 बजे तक श्रद्धालुओं का प्रवेश बाबा मंदिर प्रांगण में निषेध किया गया हैं।इसके अलावे महामहिम राष्ट्रपति के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में दर्शन पूजन कार्यक्रम के उपरांत आम दिनों की भांति श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर खोल दिए जाएंगे,ताकि श्रद्धालु सुलभ व सुरक्षित जलार्पण कर सके।साथ ही श्रद्धालुओं से जिला प्रशासन की ओर से निवेदन किया गया है कि वे बाबा बैद्यनाथ मंदिर में उक्त तिथि को दर्शन पूजन हेतु इसी अनुसार अपनी योजना बनाएं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।महामहिम राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है।महामहिम राष्ट्रपति तकरीबन 2 घंटा 25 मिनट देवघर में रुकेंगी जिसमें 50 मिनट का समय बाबा मंदिर में गुजरेगा।बताते चलें कि महामहिम द्रौपदी मुर्मू भारत के चौथे राष्ट्रपति होंगी जो बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने आ रही हैं।इससे पूर्व देश के पहले राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद, प्रणब मुखर्जी और रामनाथ कोविंद पद पर रहते हुए बाबा बैधनाथ की पूजा अर्चना कर चुके हैं।