कोडरमा : जिला मुख्यालय स्थित कोडरमा पावर सब स्टेशन में बुधवार की सुबह करीब 10:30 बजे सब स्टेशन में आए फाल्ट को सुधारने के कर्म में 30 वर्षीय विद्युत कर्मी हाई वोल्टेज बिजली तार के चपेट में आ गया, और बुरी तरह से घायल हो गया। आनन-फानन में मौके पर मौजूद विद्युत कर्मियों के द्वारा उक्त घायल विद्युत कर्मी कोडरमा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किए जाने बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है । हाई वोल्टेज बिजली तार के चपेट में आए विद्युत कर्मी की पहचान जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हीरोडीह निवासी प्रकाश सिंह उम्र करीब 30 वर्ष पिता विजय सिंह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बुधवार की सुबह पावर सब स्टेशन में आई खराबी को दुरुस्त करने के लिए विद्युत कर्मी लगे थे, और पूरे तरीके से बिजली की सप्लाई बंद कर दिया गया था, परंतु फिर भी विद्युत कर्मी प्रकाश सिंह हाई वोल्टेज बिजली के चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हुआ है ।