पुरुषों के मुकाबले में सुरेंद्र महतो, महिलाओं के मुकाबले में ममता एवं सीनियर मुकाबले में इंद्रकांत झा ने बाजी मारी
सीनियर मुकाबले में इंद्रकांत झा, बालेश्वर झा, किरण झा ने बाजी मारी
बासुकीनाथ। जरमुंडी प्रखंड परिसर में देवघर मेधा डेयरी की ओर से सोमवार को मेधा दही खाओ, ईनाम पाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता में कुल 152 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और 3 मिनट में दही खा कर तीन वर्गों (महिला, पुरुष एवं वरिष्ठ नागरिक) में पुरस्कार वितरण किया गया। इसमें महिला वर्ग में धवाटांड़ निवासी 24 वर्षीय ममता कुमारी निर्धारित अवधि तीन मिनट में 1.697 किलो दही खा कर प्रथम स्थान पर रही व दही साम्राज्ञी बनी। वही धवाटांड़ की ही निवासी 44 वर्षीय डेजी कुमारी और सुल्ताना टीकर की हीरामणि देवी क्रमशः 1.635 किलो और 1.540 किलो दही खा कर क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रही व दही साम्राज्ञी, दही वीर बनी।
पुरुष वर्ग में धमनी लता निवासी 46 वर्षीय सुरेंद्र महतो ने 3.070 किलो दही खा कर दही सम्राट बने। वहीं जरमुंडी के फंटूश चौधरी और पेशकार राणा क्रमशः 2.820 किलो व 2.794 दही खा कर दूसरे स्थान पर रहकर दही श्रीमान व तीसरे स्थान रहकर दही वीर बने। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिक वर्ग में बासुकीनाथ नगर पंचायत के भांगाबांध निवासी इंद्रकांत झा ने निर्धारित तीन मिनट में 2.548 दही खा कर दही भूषण बने। इसी वर्ग में दानीपुर निवासी बालेश्वर झा दही महाराज और कुशमाहा निवासी किरण कुमार झा दही शौर्य बने। इन्होंने क्रमशः 2.310 किलो और 1.928 किलो दही खाया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के मंत्री बादल पत्रलेख, मेधा डेयरी के प्रबन्ध निदेशक सुधीर कुमार सिंह एवं हब इंचार्ज मिलन कुमार मिश्रा ने विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर अभिषेक भारती, कुमार संजीव, कौशलेंद्र पांडेय, दीपक कुमार, रवि शंकर पांडेय के अलावा कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि सत्यनारायण यादव, बासुकीनाथ नगर पंचायत के उपाध्यक्ष अमित कुमार साह उर्फ छोटू साह, कांग्रेस नगर अध्यक्ष रोहित रंजन, तालझारी अध्यक्ष मुकेश यादव, टीम बादल के सदस्य सह कांग्रेस के प्रखंड उपाध्यक्ष प्रकाश यादव, विजय यादव, अनुज कुमार कुशवाहा, भरत कापरी कौशल राउत, मिथिलेश मिश्रा, महिला मोर्चा अध्यक्ष अमरलता सिंह, वरुण यादव सहित टीम बादल के दर्जनों सदस्य, सैकड़ों प्रतिभागी एवं प्रतियोगिता का लुफ्त उठाने के लिए हजारों दर्शक मौजूद थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/aynt