मधुपुर I मधुपुर में भूमाफिया जमाबंदी और लीज की जमीन को वर्षों से कब्जा कर रहे हैं। पूर्व में स्थानीय मूल वासियों से ली गई लीज की जमीन पर बनी दर्जनों बंगाली कोठियों को भू माफिया राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से टुकड़े-टुकड़े कर बेच चुके हैं। इलाके में कई ट्रस्ट की संपत्ति को भी गलत तरीके से खरीद बिक्री किया गया है। अब शहरी क्षेत्र के पनाहकोला मोहल्ला रोड स्थित वर्षो पुरानी दत्ता चैरिटेबल ट्रस्ट की संपत्ति पर भू माफियाओं की नजर है। दत्ता चैरिटेबल ट्रस्ट की जमीन पर बने भवन में रेडक्रॉस सोसाइटी शाखा मधुपुर का संचालन किया जा रहा है। दत्ता चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा रेडक्रॉस सोसाइटी को 5 वर्षों के लिए परिसर को दिया था। वर्तमान में रेडक्रॉस सोसाइटी शाखा को सेवा भाव से चलाया जा रहा है। रेडक्रॉस सोसाइटी शाखा के संचालन में कई जनप्रतिनिधि समाजसेवी, व्यापारी और गणमान्य नागरिकों का सहयोग मिलता रहा है। सामूहिक टीम भावना से लोग रेडक्रॉस के माध्यम से सेवा में जुटे हैं। हाल के दिनों में रेडक्रॉस सोसाइटी चुनाव की घोषणा के बाद रेडक्रॉस सोसाइटी का सदस्य बनने के लिए जत्था बनाकर लोग पहुंचने लगे। जत्था में ऐसे लोग भी शामिल है जिनकी आपराधिक छवि हैं और जिन्हें रेडक्रॉस सोसाइटी जैसे सामाजिक कार्यों से कोई लेना देना नहीं है। ऐसे लोगों की सक्रियता को देखकर रेडक्रॉस सोसाइटी शाखा के कई सदस्यों ने दत्ता चैरिटेबल ट्रस्ट की जमीन पर भूमाफिया की नजर का अंदेशा जताते हुए अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर से मामले को अवगत कराया है। बता दे दत्ता चैरिटेबल ट्रस्ट की जमीन पर भु- माफियाओं की नजर को देखते हुए तत्कालीन अनुमंडल पदाधिकारी नंदकिशोर लाल ने तत्कालीन अंचलाधिकारी और सब रजिस्टार को इस जमीन की रजिस्ट्री पर रोक लगाने का आदेश दिया था। ट्रस्ट की जमीन का खरीद बिक्री के लिए एनओसी निर्गत नहीं करने का निर्देश दिया था। इस मामले में स्थानीय विधायक स्वास्थ्य प्रतिनिधि मोहम्मद शाहिद उर्फ फेकू ने एक बार फिर दत्ता चैरिटेबल ट्रस्ट की जमीन पर भू माफियाओं की नजर का आशंका जताते हुए स्थानीय विधायक सह मंत्री हफीजुल हसन, उपायुक्त और अनुमंडल पदाधिकारी से मामले को गंभीरता पूर्वक लेते हुए भू माफिया और दलालों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। मोहम्मद शाहिद ने कहा है कि दलाल किस्म के बाहरी लोग भू माफियाओं के इशारे पर रेडक्रॉस सोसाइटी शाखा में अपना वर्चस्व जमाना चाहते हैं ताकि दत्ता चैरिटेबल ट्रस्ट की जमीन को कब्जा किया जा सके।
दत्ता चेरेटिबल ट्रस्ट की जमीन पर भूमाफियाओं की नजर
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/m488