पिकअप वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने पर खुला शराब की तस्करी का राज
बसंतराय। स्थानीय थाना अंतर्गत ऐचा मोड़, रूपनी के समीप मंगलवार की सुबह एक पिकअप वाहन पलटने से बिहार ले जाई जा रही दारू की लूट मच गई। झारखंड से बिहार जा रही इस पिकअप वाहन के ऊपर आलू लदा हुआ था। लेकिन आलू के ठीक नीचे शराब की बेटियां थी। ग्रामीणों की बातों पर यकीन करें तो लगभग पांच लाख रुपए का दारू था। जैसे ही पिकअप वाहन ऐचा मोड़ के समीप पहुंची, तो अनियंत्रित होकर पलट गई। गाड़ी पलटने के बाद मौके से गाड़ी चालक फरार हो गया। इस दौरान राहगीर सहित स्थानीय लोग जब गाड़ी पलटी वाले स्थान पर पहुंचे तो आलू बोरी के अंदर रखी शराब की पेटियां को देखा। होली के ऐन वक्त पर शराब की पेटियों को देखकर शराब के शौकीन लोगों में लूटने की होड़ मच गई। ऊपर आलू और नीचे दारू वाली बातें आम लोगों में आग की तरह फैल गई। जिसके बाद लोगों ने मन भर कर दारु व आलू की बोरियों को लूटा। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही बसंतराय थाना प्रभारी विनीत कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। जिसके बाद दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को थाना लाया इ। लेकिन जब तक पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचती, तब तक दारू लूट की घटना को बहुत हद तक अंजाम दे दिया गया था। खाली गाड़ी वहां पर पलटी मिली। थाना प्रभारी विनीत कुमार को गुप्त सूचना मिली कि ऐंचा मोड़ गांव, बनियाडीह, गोपीचक, के कुछ ग्रामीणों के द्वारा दारू की पेटियों को लूटा गया है, जिसके बाद इन सब गांव में छापेमारी कर कुछ पेटी व कुछ बोतल दारू को ग्रामीणों के घर से बरामद कर लिया गया है।
एक ओर जहां होली परवान पर था, ऐसे में कोरियाना चेकनाका के रास्ते दारू की बड़ी खेप को बिहार ले जाने का पूरा इंतजाम करके पिकअप वाहन तेजी से जा रही थी। लेकिन इसे बदनसीबी का ही खेल समझें कि गाड़ी ही पलट गई और जब गाड़ी पलटी तो दारू तस्करी का मानो उद्भेदन ही हो गया। बताते चलें कि प्रशासनिक स्तर से कोरियाना चेकनाका पर चौबीस घंटे पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। लेकिन जिस प्रकार से सहजता और सरलता के साथ दारू की गाड़ी को उसी रास्ते से ले जाने का दुस्साहस किया, ऐसे में यह प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कहा जा सकता है कि अवैध चीजों को झारखंड से बिहार टपाने में कोरियाना चेकनाका की महती भूमिका रहती है।अन्यथा प्रशासन के आगे से अवैध चीजों को कोई भी ले जाने का दुस्साहस न करता। हालांकि बसंतराय पुलिस गाड़ी को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही में जुटी हुई है। इस मामले पर थाना प्रभारी विनीत कुमार ने कहा कि गाड़ी को बरामद करते हुए कांड दर्ज किया गया है। उत्पाद अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/pvce