बड़कागांव। हम कमीशन खोरी के लिए नहीं बल्कि देश के विकास के लिए काम करते हैं। सांसद का काम बड़ी-बड़ी योजनाएं बनाना एवं क्रियान्वयन कराना है। बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि क्षेत्र का विकास करना राज्य सरकार का काम है। जबकि आम लोगों की समस्या का समाधान करना पंचायत जनप्रतिनिधियों का काम है। जिन क्षेत्रों में कोयला खनन के लिए नोटिफिकेशन हो गया है उस क्षेत्र में किसी भी हाल में प्रधानमंत्री आवास नहीं बनेगा। एनटीपीसी में अब लोगों का रोजगार नहीं है। डीएमएफटी फंड जिला प्रशासन के प्रबंधन समिति संचालित करती है। उक्त बातें हजारीबाग सांसद जयंत सिंहा बड़कागांव प्रखंड के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद सांढ पंचायत भवन में प्रखंड के मुखिया संघ के अध्यक्ष रंजीत कुमार की अध्यक्षता में मुखिया के साथ बैठक में संवाद के आदान-प्रदान के दौरान कहीं। बैठक का संचालन पूर्व मुखिया भीखन महतो ने किया। बैठक में प्रखंड के 23 पंचायत में 12 पंचायत के मुखिया अथवा मुखिया प्रतिनिधि शामिल थे। मुखिया संघ द्वारा सांसद श्री सिन्हा को 9 सूत्री मांग पत्र सौंपा गया। पूर्व मुखिया दीपक दास द्वारा पंचायतों में सांसद मद का काम नहीं दिखने के सवाल पर सांसद श्री सिन्हा ने भड़कते हुए कहा कि सांसद एवं विधायक को 5 वर्ष में 25 करोड रुपैया मिलता है। जबकि मुखिया को 5 वर्ष में 125 करोड़ रुपैया। इसलिए मुखिया के माध्यम से ही पंचायत का विकास अधिक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सांसद का काम कानून एवं देश के लिए बड़ी-बड़ी योजना बनाना रेलवे लाइन, हवाई अड्डा, राज्य मार्ग, कृषि अनुसंधान केंद्र आदि है। पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि क्षेत्र का विकास करना राज्य सरकार का काम है। झारखंड की सरकार भ्रष्ट एवं निकम्मी है। राज्य सरकार की सभी योजनाएं में लूट-खसोट चरम सीमा पर हो रही है। कोई भी काम गुणवत्तापूर्ण नहीं है। 100 प्रतिशत में मात्र 50 प्रतिशत काम धरातल पर हो रही है। पंचायत के मुखिया के पास टीम है सांसद- विधायक के पास नहीं। उन्होंने आगे कहा कि मुखिया का हिसाब हम ले सकते हैं मुखिया हम से नहीं। श्री सिन्हा ने कहा कि डीएमएफटी योजना के तहत लोकसभा में 4 योजनाओं को फोकस करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों का मॉडलाइज करना, सभी विद्यालयों में चहारदीवारी निर्माण स्वास्थ्य केंद्र की मरम्मत एवं स्वास्थ्य कर्मी की बहाली करना तथा हर पंचायत में एक करोड़ का सामुदायिक भवन बना कर महिलाओं को रोजगार मुखी प्रशिक्षण मुहैया कराना योजना है। बावजूद यदि अति आवश्यक किसी सड़क का निर्माण बाकी है तो प्राथमिकता के आधार पर उसे भी पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेरे द्वारा बादम से चरही, बादम से कुंडलीबागी एवं बादम से पसेरिया सड़क का अनुशंसा कर दी गई है बहुत जल्द ही मरम्मती होगी। बैठक में मुखिया संघ के सचिव वासुदेव यादव, मुखिया करम राम, प्रभु महतो, बेबी कुमारी, गीता देवी, लीलावती देवी, सुलेखा देवी, कविता देवी, सुनीता देवी, मुखिया प्रतिनिधि चंदन कुमार, राजकुमार साहू, बालेश्वर महतो, संजय कुमार, सनित कुमार, पूर्व मुखिया दीपक दास, भीखन महतो, बीगल चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष खेमलाल महतो, सांसद प्रतिनिधि बेचन साव, मनीष पांडे, टुकेश्वर प्रसाद, सुमन गिरी, सहित अन्य लोग शामिल थे।
राज्य सरकार की योजनाओं में लूट- खसोट चरम सीमा पर हो रही है : जयंत सिन्हा
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/yjpm