
दुमका। झारखंड की उप राजधानी दुमका में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपायुक्त के कार्यालय के पास पलाश मार्ट नामक दुकान के माध्यम से आम लोगों को स्वस्थ आहार उपलब्ध करा रही है। दुमका के उपायुक्त रवि शंकर शुक्ला के पहल पर समाहरणालय परिसर में सखी मंडल के महिलाओं की दुकान पलाश मार्ट का स्टॉल लगाया गया है। इस स्टॉल में स्वयं सहायता समूह के महिलाओं द्वारा बनाये गये पापड़, मड़ुवा के विभिन्न उत्पाद, आटा, आचार, विभिन्न प्रकार की बरी, झारख्ंाड का प्रचलित महुआ का लड्डू जैसे उत्पाद उपलब्ध है। संखी मंडल की सदस्य गुंजन और सपना ने बताया कि झारखंड लाइवलीहूड प्रमोशन सोसाइटी के माध्यम से पलाश मार्ट का संचालन किया जा रहा है पूरे झारखंड में सखी मंडल की महिलाओं द्वारा बनाये जाने वाले उत्पाद को पलाश मार्ट में बेचती है ताकि आम लोगों को शुद्ध आहार प्राप्त हो सके। ग्रामीण स्तर पर संखी मंडल के माध्यम से जरूरत मंद महिलाओं को रोजगार देकर आर्थिक रूप से सबल बनाना भी पलाश मार्ट का उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि दुमका के समाहरणालय परिसर में 19 मार्च को उपायुक्त ने स्टॉल का उद्घाटन किया था। उसके बाद से स्टॉल यहां प्रतिदिन लगता है। गांव के सखी मंडल के द्वारा बनाये जाने वाले उत्पाद को पलाश मार्ट बाजार उपलब्ध करा रहा है और आम जनता को गांव-गांव से बने अच्छे और शुद्ध उत्पाद उपलब्ध करवाना है।