09 माह से 15 वर्ष के लगभग 5,50,000 बच्चों को दिया जाएगा मिजिल्स रूबेला का टीकाः-उपायुक्त
मिजिल्स रूबेला का टीका स्वस्थ्य जीवन जीने का तरीकाः-उपायुक्त
देवघर I उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री अध्यक्षता में मिजिल्स रूबेला टीकाकरण अभियान का शुभारंभ राजकीय कृत मध्य विद्यालय पुराना मीना बाजार में किया गया। इस दौरान उपायुक्त, सिविल सर्जन व स्कूली बच्चों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। साथ ही उपायुक्त की उपस्थिति में 9 माह से 15 वर्ष के बच्चे व बच्चियों को मिजिल्स रूबेला का सुरक्षित टीका दिया गया। इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि कल माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन जी द्वारा साहेबगंज में अभियान का शुभारंभ किया गया। वहीं आज से देवघर जिले में मिजिल्स रूबेला टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया, जो कि 19 मई तक चलेगा। साथ ही अब तक देवघर जिले में मिजिल्स रूबेला टीकाकरण अभियान को लेकर किये जा रहे कार्यों में देवघर जिला टॉप पर है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि समाज के हर तपके के लोगों को जोड़ते हुए 9 माह से 15 वर्ष के शत प्रतिशत बच्चों को मिजिल्स रूबेला के टीके से आच्छादित किया जा सके। वहीं देवघर जिला अन्तर्गत 5,50,000 से अधिक बच्चों को मिजिल्स रूबेला का टीका दिया जायेगा। जिसको लेकर पूर्व से माईक्रो प्लान तैयार किया गया है, ताकि रोजाना से 20-25 हजार बच्चों को मिजिल्स रूबेला का टीका दिया जा सके। इसके तहत शहरी क्षेत्र अंतर्गत सभी संचालित सभी सरकारी विद्यालय, निजी विद्यालय, प्ले स्कूल, आंगनबाड़ी केन्द्रो में लक्षित समूह के लिए टीकाकरण सत्र का आयोजन किया जा रहा है। आगे उपायुक्त ने कहा कि टीका के बाद आधा घंटे तक आराम जरूरी है। साथ ही खसरा और रूबेला को एक सुरक्षित और प्रभावी एमआर वैक्सीन से ही रोका जा सकता है। वहीं टीकाकरण अभियान की निगरानी सरकार, डबल्यूएचओं और यूनिसेफ द्वारा की जाएगी। साथ ही बच्चों को मिजिल्स रूबेला का टीका देने के पश्चात मिजिल्स रूबेला कार्ड भी दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन डॉ युगल किशोर चौधरी ने बताया कि सरकार ने इस वर्ष मिजिल्स रूबेला के उन्मूलन के लिए लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान के तहत नौ महीना से लेकर 15 साल तक के बच्चों को एमआर टीकाकरण अप्रैल माह से किया जाएगा। आगे सिविल सर्जन ने कहा कि अभियान के तहत नौ माह से 15 वर्ष तक के बच्चों को यह टीका लगाया जायेगा। अगर बच्चे ने पहले भी टीका लिया है तो भी उसे टीका लगाया जायेगा। कहा कि खसरा रोग के सफाई तथा रूबेला को नियंत्रित करने के लिए बच्चों को यह टीका लगाया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि खसरा रूबेला का टीका पूर्ण रूप से सुरक्षित है, इसका कोई दुष्प्रभाव नहीं है। इस दौरान मौके पर सिविल सर्जन डॉ0 युगल किशोर चौधरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री प्रेम टोप्पो, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, डब्ल्यु एच ओ के प्रतिनिधि डॉ0 विनय, डीसी सेल के प्रतिनियुक्त अधिकारी सुश्री उषा किरण, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रोहित कुमार विद्यार्थी एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम व संबंधित विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित थे।