जरमुंडी में आवास योजना के 1081 लाभुकों को नोटिस

प्रखंड क्षेत्र के 1081 लाभुकों ने आवास योजना के अग्रिम राशि का उठाव कर अब तक नहीं किया है कार्य प्रारंभ

जरमुंडी प्रखंड सभागार में बीडीओ की अध्यक्षता में पंचायत सचिव, रोजगार सेवक की बैठक

अधूरे पड़े विकास कार्य में तेजी लाने का दिया निर्देश

IMG-20230225-WA0098
बासुकीनाथ। जरमुंडी प्रखंड सभागार में शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू की अध्यक्षता में विकास कार्यों को लेकर प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में जरमुंडी प्रखंड में चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाने को लेकर संबंधित पंचायत सचिव, रोजगार सेवक को दिशा निर्देश दिया गया। इस मौके पर बीडीओ ने जरमुंडी प्रखंड क्षेत्र के 27 पंचायत में आवास योजना के कुल 81 लोगों को आवास निर्माण के लिए प्राप्त प्रथम किस्त की 40 हजार रुपये राशि का उठाव किए जाने के बावजूद अब तक कार्य प्रारंभ नहीं किए जाने के मामले में नाराजगी जाहिर किया। सभी लाभुकों को नोटिस जारी करने एवं नोटिस प्राप्ति के एक सप्ताह के अंदर आवास निर्माण कार्य प्रारंभ करने अथवा विधि सम्मत कार्रवाई करने की बात कही। इस मौके पर बीडीओ ने कहा कि आवास योजना के लाभुकों को ससमय कार्य प्रारंभ कराना एवं कार्य समाप्त करने को लेकर संबंधित पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, अभियंता को निर्देश देते हुए कार्य में गुणवत्ता बरकरार रखने का निर्देश दिया। इस मौके पर जरमुंडी प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी कन्हैयालाल झा, विभिन्न पंचायतों के पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता एवं अन्य मौजूद थे।
खराब पड़े जलमीनार, चापाकल की सूचना मुख्यालय में दें*
जरमुंडी प्रखंड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू ने कहा कि जरमुंडी प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में सम्बन्धित पंचायत सचिव बैठक कर पेयजल की स्थिति का सर्वे करें। बैठक के दौरान कहा कि जल जीवन मिशन के तहत लाभान्वित लोगों की सूची, विभिन्न गांव में निर्माण की गई जल मीनार की अद्यतन स्थिति की जानकारी दें। गांव में चालू जनमीनार एवं खराब पड़े जलमीनार की स्थिति की जानकारी अविलम्ब प्रखंड मुख्यालय को सुपुर्द करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा पंचायत सचिव को बताया कि अपने-अपने पंचायत क्षेत्र के खराब पड़े चापाकल की सूची यथाशीघ्र उपलब्ध कराएं, ताकि गर्मी आने से पूर्व इस दिशा में सकारात्मक पहल हो सके। बीडीओ ने खराब पड़े चापानल की सूची बनाने में संबंधित क्षेत्र के जलसहिया एवं आंगनबाड़ी सेविका से सहयोग लेने का निर्देश दिया।
प्रत्येक ग्राम में मनरेगा से न्यूनतम पांच योजना चालू रखने का निर्देश*
जरमुंडी प्रखंड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू ने बैठक में उपस्थित पंचायत सचिव एवं रोजगार सेवक को जरमुंडी प्रखंड क्षेत्र के प्रत्येक ग्राम में मनरेगा से कम से कम पांच योजना को चालू रखने का निर्देश दिया। इसके अलावा प्रत्येक पंचायत में मनरेगा अंतर्गत निबंधित कम से कम 200 मजदूरों को कार्य से जोड़ने का निर्देश दिया। मजदूरों के पलायन को रोकने के लिए उन्हें उनके गांव के आसपास ही चल रहे विकास कार्यों से जोड़ने का निर्देश दिया। कहा कि मजदूरों के पलायन को रोकने के लिए पंचायत क्षेत्र के पंचायत सचिव व रोजगार सेवक गंभीरता पूर्वक कार्य करें। ताकि मजदूरों के पलायन को पूरी तरह से रोका जा सके।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/56j8

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *