जामताड़ा। बुधवार को कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त फ़ैज़ अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना के तहत लाभुकों के चयन हेतु बैठक आहूत किया गया। बैठक में मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना हेतु सभी किसानों को इस योजना से जोड़ने एवं लाभ देने हेतु प्रति प्रखंड से प्राप्त आवेदनों का अवलोकन किया गया। वहीं उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना के तहत सुखाड़ से प्रभावित जिले के सभी किसानों को जो जीविकोपार्जन हेतु कृषि पर आश्रित हैं उन्हें इस योजना के तहत 3500 रुपए उनके बैंक अकाउंट में दिया जाएगा। इसके लिए जिन किसानों ने आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज यथा आधार कार्ड, बैंक पासबुक, अद्यतन लगान रसीद, वंशावली (जनप्रतिनिधि द्वारा सत्यापित), खतियान/पर्चा, राशन कार्ड की स्व हस्ताक्षरित प्रति, स्व घोषणा पत्र संलग्न की है एवं जिनका आवेदन प्रखंड से अग्रसारित होकर जिला मुख्यालय में आया है। इसका लाभ भूमिहीन किसानों को भी मिलेगा जो बटाई या लीज पर खेती कर रहे हैं।
बैठक में 18369 किसानों को सुखाड़ राहत राशि के भुगतान की दी गई स्वीकृति
बैठक में समीक्षा के उपरांत सर्वसम्मति से 18369 लाभुकों को सुखाड़ राहत राशि के भुगतान की स्वीकृति दी गई। वहीं उपायुक्त द्वारा लाभुकों की संख्या कम रहने पर नाराजगी प्रकट की गई। उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक किसानों को इस योजना का समय से लाभ दें ताकि मिलने वाले सहायता राशि से किसान समय पर खाद बीज आदि कृषि सामग्री खरीद कर उसका सदुपयोग कर सकें। कहा कि अधिकारी संवेदनशील होकर कार्य करें, ताकि लोगों को समय पर योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि हमें चीजों की अहमियत को समझने की आवश्यकता है। उदासीनता से कार्य प्रभावित होता है। वहीं किसानों के द्वारा दिए गए आवेदनों की रेंडमली जांच करते हुए शेष सभी किसानों को इस योजना से जोड़ने का निर्देश दिया।
इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्षा राधारानी सोरेन, अपर समाहर्ता सुरेन्द्र कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय, पुलिस उपाधीक्षक जगदीश प्रसाद, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी अभय परासर, जिला कृषि पदाधिकारी रंजीत मंडल, जिला सहकारिता पदाधिकारी चंद्रजीत खलखो, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी राहुल प्रियदर्शी, राजस्व कार्यालय लिपिक जयंत कुमार डे, कंप्यूटर ऑपरेटर गणेश कुमार, खुर्दीद अंसारी सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/nukm