डीप बोरिंग के सवाल पर कृषि मंत्री के जवाब से विधायक असंतुष्ट
गोड्डा। जनहित सके सवाल पर सड़क से लेकर सदन तक काफी मुखर रहने वालीं महागामा विधानसभा क्षेत्र की कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने गुरुवार को झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में अपनी पार्टी के मंत्री बादल को घेरने में गुरेज नहीं किया। किसानों की समस्या से संबंधित डीप बोरिंग के मुद्दे पर सूबे के कृषि एवं पशुपालन मंत्री बादल के जवाब से असंतुष्ट विधायक ने परोक्ष रूप से सरकार की नीतियों पर प्रहार भी किया। विधानसभा के शून्यकाल में अल्प सूचित प्रश्न के माध्यम से महगामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने सरकार से सिंचाई के लिए तालाब की जगह डीप बोरिंग योजना को स्वीकृती देने की मांग की। कहा कि राज्य के किसान डीप बोरिंग की मांग कर रहे हैं। जवाब में कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि वर्ष 2023-24 के बजट में डीप बोरिंग के लिए 500 करोड़ के बजट का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पर एक अप्रैल के बाद राज्यादेश निकलेगा। विधायक श्रीमती दीपिका ने मंत्री से जानना चाहा कि प्रति प्रखंड कितना डीप बोरिंग दिया जाएगा। इस पर मंत्री स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बता रहे थे। मंत्री के जवाब पर सदन में उन्हें घेरते हुए विधायक ने आसन की ओर मुखातिब होते हुए कहा कि ‘अध्यक्ष महोदय, मंत्री कैसा गोलमटोल जवाब दे रहे हैं। वह भी आपके सामने। ‘ हमलोग इसके लिए सवाल नहीं करते हैं। मंत्री स्पष्ट बताएं कि प्रति प्रखंड कितना डीप बोरिंग दिया जाएगा। विधायक ने सवालिया लहजे में कहा कि सरकार के पास कोई प्री प्लान नहीं है क्या? यही वजह है कि साल के अंत में पता चलता है कि आधे से अधिक राशि खर्च नहीं हुई।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/xnyj