पाकुड़। जिले में बढ़ते हुए व्यापक ठंड के स्तर को देखते हुए ठंड की परिस्थिति एवं शीतलहर के प्रभाव के मद्देनजर सरकार से प्राप्त निर्देश के आलोक में उपायुक्त वरूण रंजन के द्वारा जिला अंतर्गत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन 3 से 6 वर्ष तक के बच्चो के लिए बंद रखने का निर्देश दिया है। साथ ही उपायुक्त ने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को उनके उनके क्षेत्रों में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को नियमित रूप से पूरक पोषाहार का वितरण सेविका व सहायिकाओं के द्वारा उनके घरों तक जाकर करना सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। गौरतलब हो कि इस दौरान लाभार्थियों के लिए निर्धारित सभी क्रियाकलाप पूर्व की तरह ही आंगनवाड़ी केंद्रों में संचालित रहेंगे एवं आंगनवाड़ी सेविका व सहायिका आंगनवाड़ी केंद्रों में उपस्थित रहकर अपने कार्यों का निर्वहन करेंगी। उपायुक्त ने कहा है की हर परिस्थिति में पोषाहार का कार्यक्रम जारी रहेगा।