देवघर। राजद के प्रदेश सचिव सह पूर्व प्रत्याशी मधुपुर विधानसभा संजय भारद्वाज ने देश में कोरोना संक्रमण बढ़ने की आशंका और रेंडम सैंपलिंग शुरू होने के पहले दिन ही ओमीक्रोन के नए वेरिएंट बीएफ-7 के 4 मामले सामने आने पर चिंता जताई है। भारद्वाज ने कहा कि देश में कोरोना संक्रमण का विस्फोट हो इससे पहले ही कोरोना से बुरी तरह प्रभावित देशों चीन,अमेरिका,ब्राजील, दक्षिण कोरिया,सीरिया और स्पेन से हवाई आवागमन को तत्काल बंद किया जाना चाहिए और और अन्य देशों से आने वाले लोगों को भी कुछ समय के लिए क्वारंटाइन किया जाना चाहिए। राजद नेता ने कहा कि कोरोना फैलने के बाद देश में अफरा-तफरी का माहौल हो और आम जनता को संकट का सामना करना पड़े इससे अच्छा है कि उस स्थिति के पहले ही पर्याप्त सावधानी बरती जाए। कहा कि देश में आज मिले बीएफ सेवन के 4 मामलों में से 2 गुजरात से मिले हैं जहां कि अभी- अभी चुनाव समाप्त हुए हैं और चुनाव के दरमियान रैलियों और रोड शो में भारी भीड़ जुटाई गई थी इसलिए गुजरात में सघन जांच किए जाने की जरूरत है।