सीजन वन की विजेता वायबीसी रामगढ़ ने दूसरी बार जीता,शहीद अमरजीत बलिहार मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब

1
2
3

अभिषेक, काठीकुंड/ टाईब्रेकर में जूनियर मुर्मू स्टार देवघर को हराते हुए वायबीसी रामगढ़ ने लगातार दूसरे साल शहीद अमरजीत बलिहार मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया. पहले व दूसरे हाफ में दोनो में से कोई भी टीम गोल नहीं कर पायी. टाईब्रेकर में जहां रामगढ़ ने लगातार 4 गोल किये,वहीं जूनियर मुर्मू स्टार देवघर के खिलाड़ी एक भी गोल नहीं कर पाये. पहले हाफ के बाद जामताड़ा जिले की कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं द्वारा बैंड की आकर्षक प्रस्तुति दी गयी. प्रतियोगिता की विजेता टीम वायबीसी रामगढ़ को 1 लाख रुपये की नकद राशि व चमचमाती ट्रॉफी समापन समारोह के मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक नलिन सोरेन द्वारा प्रदान की गयी. उपविजेता जूनियर मुर्मू स्टार को 75 हजार रुपये की इनामी राशि व शानदार ट्रॉफी पाकुड़ के एसपी हरदीप पी जनार्धन व साहेबगंज के एसपी अनुरंजन किस्पोटा द्वारा संयुक्त रूप से दिया गया. अहम मुकाबले का मैन ऑफ द मैच अजय किस्कु को दिया गया. सेमीफाइनलिस्ट प्लस 2 राज पाकुड़ व मुर्मू ब्रदर्स दुमका को 30-30 हजार रुपये की इनामी राशि प्रदान की गयी. प्रतियोगिता के मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार राज कुमार मुर्मू को दिया गया. सबसे अनुशासित टीम का पुरस्कार सारजोम बागान सिजुआ को दिया गया. जॉन किस्कु को टूर्नामेंट का बेस्ट गोलकीपर का खिताब दिया गया. लुखीराम बेसरा को बेस्ट स्कोरर का पुरस्कार दिया गया. पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री सोरेन ने विजेता टीम को बधाई व उपविजेता टीम को हार से सीख लेकर और बेहतर करने की प्रेरणा लेने की बात कहीं. प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर दुमका पुलिस की पूरी टीम को बधाई दी. उन्होंने कहा कि,शहीद अमरजीत बलिहार की शहादत हम सबों के लिये प्रेरणास्रोत हैं. उन्होंने कहा कि,आज के युवा पढ़ लिख कर या खेल खुद के माध्यम से अपने समाज,अपने राज्य व अपने देश का प्रतिनिधित्व करें. उन्होंने आज के दिन पुलवामा हमलें में शहीद हुए भारत के वीर शहीद जवानों की शहादत को याद किया. प्रतियोगिता प्रारंभ होने से पुर्व शहीदों की याद में 2 मिनट का मौन रखा गया. सदर एसडीपीओ नूर मुस्तफा अंसारी के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम को सफल बनाने में काठीकुंड थाना प्रभारी रूपेश कुमार,एसआई अमन राज,एसआई दुलाल महतो,शिकारीपाड़ा थाना के एएसआई परवेज आलम,सार्जेंट दुमका पुलिस शिव कुमार व अनिमा धान ने अहम भूमिका निभायी. मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी रजनीश कुमार,अंचलाधिकारी अमर जॉन आइंद,विधायक प्रतिनिधि जॉन सोरेन,तालझारी थाना प्रभारी,शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी,रामगढ़ थाना प्रभारी,गोपीकांदर थाना प्रभारी आदि मौजूद थे.

The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/632d

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *