बाबा मंदिर प्रांगण में अग्निशमन विभाग के समन्वय से मॉकड्रिल कराने का निर्देश
देवघर। उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी दीपांकर चौधरी ने बसंत पंचमी को लेकर की जाने वाली विभिन्न तैयारियों को लेकर सम्पूर्ण रुटलाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान सरकार भवन से बीएड कॉलेज, तिवारी चौक, जलसार चौक, शिवराम झा चौक का निरीक्षण करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी ने साफ-सफाई के साथ बार-बार सड़क किनारे हो रहे अतिक्रमण को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश के साथ अतिक्रमण मुक्त रुटलाइन बनाने का निर्देश दिया। आगे अनुमंडल पदाधिकारी ने बसंत पंचमी के दौरान देवतुल्य श्रद्धालुओं की सुविधा व सुगम जलार्पण को लेकर विभिन्न विभागों द्वारा किये जाने वाले कार्यो को पूर्ण करते हुए 22 जनवरी तक संबंधित प्रतिवेदन उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करने का निर्देश दिया।
इसके अलावे निरीक्षण के क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी दीपांकर चौधरी ने मानसरोवर के बीच साफ-सफाई के अलावा क्यू कॉम्प्लेक्स के बाहरी एरिया में साफ-सफाई कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। वही विद्युत विभाग को पुराने बिजली के तार, पोल आदि को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से वर्क प्लान बनाने का निर्देश दिया। साथ ही बाबा मंदिर तथा फुट ओवर ब्रिज के तारों का व्यवस्थिकरण एवं सौंदर्यीकरण का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। इसके अलावे श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु क्यू काॅम्प्लेक्स के हाॅलों में स्पाईरल की व्यवस्था, सभी शौचालय की सफाई, पेयजल की दुरूस्थ व्यवस्था के साथ स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। आगे होल्डिंग पॉइंट्स में भीड़ नियंत्रण को लेकर की गई व्यवस्थाओं को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी ने बाबा मंदिर में भीड़ नियंत्रण के अलावा विधि व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था के साथ मंदिर प्रांगण में अग्निशमन विभाग को मॉकड्रिल करने के साथ मंदिर कर्मियों को प्रशिक्षित करने का निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिया। साथ ही उन्होंने बाबा मंदिर में अग्निशमन विभाग द्वारा आवश्यक उपकरणों व मानकों के अनुरूप व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। इसके अलावे बाबा मंदिर में साफ-सफाई, सुरक्षा-व्यवस्था, सुलभ जलार्पण, शीघ्र दर्शनम व्यवस्था को लेकर दण्डाधिकारियों व पुलिस प्रतिनियुक्ति के साथ मंदिर प्रांगण व आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे की उपलब्धता एवं अन्य सुरक्षा मानकों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया गया।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/71zp