काठीकुंड/ काठीकुंड के लिये रविवार का दिन हादसों भरा रहा. दिन की पहली घटना काठीकुंड थाना क्षेत्र के दुमका-पाकुड़ मुख्य मार्ग में आलुबेडा गांव के पास हुई, जहां रविवार सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को फुलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया. घायल युवक 25 वर्षीय फिलिप टूडू और 8 वर्षीय अर्नेस टूडू आलुबेड़ा गांव का रहने वाला है. आक्रोशित ग्रामीणों ने घायलों के बेहतर इलाज,पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग को लेकर घंटों मुख्य मार्ग को जाम रखा. घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रखंड प्रमुख विमला नीपु सोरेन, एसडीपीओ सदर नूर मुस्तफा,थाना प्रभारी रूपेश कुमार,एसआई अमन कुमार ने मौके पर पहुंचकर सड़क जाम को हटवाया. पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता के रूप में तीन बोरा चावल, 10 हजार रुपये दिये गये. दोनों घायल युवक को बेहतर इलाज कराने का आश्वासन दिया गया. बताया जा रहा है कि फिलिप व अर्नेस टुडू आलुबेडा चौक से राशन लेकर सिंघनी गांव के गिरजाघर जा रहे थे, इसी क्रम में यह घटना घटी. दूसरी घटना शाम को काठीकुंड थाना क्षेत्र के दलाही मोड़ मे खड़ी ऑटो को अज्ञात वाहन द्वारा पीछे से ठोकर मार देने से घटी,जिससे ऑटो से उतर रही दो महिलाओ को गंभीर चोट आई है. सूचना मिलते ही काठीकुंड पुलिस घटनास्थल पहुंचकर दोनों महिलाओं को समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काठीकुंड ले गए,जहां स्वास्थ्य प्रभारी डॉ अरविंद कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को दुमका फूलो झानो मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. घायल देवी महारानी के बाएं पैर व सर पर चोट आई है,वही बुधनी देवी की कमर पर गंभीर चोट है. दोनो आमतल्ला गांव की रहने वाली है. ऑटो गोपीकंदर थाना क्षेत्र के खरौनी की बतायी जा रही है. गोपीकांदर हटिया से सवारी को छोड़ने के क्रम में आमतल्ला आने के दौरान यह घटना हुई. सड़क दुर्घटनाओं पर दुख जताते हुए प्रखंड प्रमुख विमला नीपु सोरेन ने कहा कि,बीते दो-तीन महीनों मे लगातार सड़क दुर्घटनाएं हुई है,कई परिवारों ने अपनों को खोया है. प्रशासन से थाना क्षेत्र के आमझारी मोड़ से आलुबेडा के बीच लगभग पांच से छह स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग प्रखंड प्रमुख ने की हैं,ताकि हादसों से बचा जा सके.