निरसा/ धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने शुक्रवार को झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में चिरकुंडा नगर परिषद के वार्ड संख्या 13,14,15 और 16 अंश में रह रहे 25 हजार लोगों के बेरोजगारी और बेघर होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि एग्यारकुंड प्रखंड के कुमारधुबी मौजा संख्या तीन के लोग चिरकुंडा नगर परिषद को पानी आदि का टैक्स देते हैं। नगर परिषद ने गत वर्ष 13 दिसंबर को बोर्ड में पारित कर लोगों को आवास और रोजगार का संरक्षण देने का आश्वासन भी दिया था। लेकिन एक गैर सरकारी कंपनी ने उक्त जमीन को खरीद लिया है। अब 25 हजार लोगों के बेघर होने और बेरोजगारी की समस्या उत्पन्न हो गई है। इसलिए सरकार संज्ञान में लेकर इनलोगों का संरक्षण प्रदान करें।