ओबीसी समाज के साथ किया जा रहा है अन्याय, जारी रहेगा संघर्ष- अंबा प्रसाद
बड़कागांव कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद ने ओबीसी आरक्षण संबंधी विधेयक राज्यपाल द्वारा वापस किए जाने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सामाजिक आर्थिक रूप से पिछड़े 50% से अधिक जनसंख्या वाले ओबीसी समुदाय को उनकी संख्या का आधा 27% आरक्षण भी देने की बारी आती है तब 50% की सीमा लग जाती है तथा संस्थाओं के द्वारा सर्वे व ट्रिपल टेस्ट करने को कह दिया जाता है इस संदर्भ में सारी सीमायें सारे सर्वे ओबीसी समुदाय पर ही लाद दिये जाते हैं जबकि ओबीसी समुदाय काफी पिछड़े हुए हैं और उचित आरक्षण नहीं मिलने के कारण और भी पिछड़ जा रहे हैं। अंबा प्रसाद ने कहा कि इस संदर्भ में मेरे द्वारा कई बार विधानसभा में मामला उठाया गया समय-समय पर कई पत्राचार किए गए। विगत सत्र में भी ओबीसी समुदाय को 27% आरक्षण सुनिश्चित कराने के लिए जाति आधारित जनगणना कराने की मांग की हूँ। उन्होंने कहा कि ओबीसी समाज के साथ अन्याय किया जा रहा है जिनके हक एवं अधिकारों को पूर्ण कराने के लिए मेरा संघर्ष अंतिम निष्कर्ष तक जारी रहेगा।