शहीद अमरजीत बलिहार का बलिदान लोगों के लिए प्रेरणा
काठीकुंड/ पुर्व निर्धारित तिथि के तहत दुमका पुलिस के तत्वावधान में शहीद अमरजीत बलिहार मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे सत्र का शुभारंभ काठीकुंड नकटी मैदान में रविवार को किया गया . उद्घाटन के इस अवसर पर मुख्य अतिथि दुमका के उपायुक्त रविशंकर शुक्ला,विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक गोड्डा नाथू सिंह मीणा,पुलिस अधीक्षक दुमका अंबर लकड़ा,कमांडेंट एसएसबी 35 वी बटालियन सतीश कुमार,जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी सात्विक व जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया. आयोजक समिति द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया. मौके पर सभी अतिथियों एवं पुलिस पदाधिकारियों ने शहीद अमरजीत बलिहार की तस्वीर पर पुष्प अर्पित करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी. उनके बलिदान को याद किया गया. इस अवसर पर उपायुक्त ने खेल कार्यक्रम की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक दुमका एवं जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों को धन्यवाद दिया. उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि शहीद अमरजीत बलिहार का बलिदान लोगों के लिए प्रेरणा है. कहा,कि पुलिस कठिन से कठिन समय में हमेशा जनता के साथ खड़ी होती हैं,जनता को भी पुलिस का पूरा सहयोग करना चाहिए. अंत में मुख्य अतिथि ने राज्य के भूले भटके नागरिकों को मुख्यधारा में शामिल होने की अपील की. पुलिस अधीक्षक दुमका ने शहीद अमरजीत बलिहार की जीवनी एवं उनके द्वारा दिए गए बलिदान से लोगों को अवगत कराया. कहा,कि शहीद अमरजीत बलिहार मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट कराने का मुख्य मकसद जनता एवं पुलिस के बीच बढ़ी हुई दूरियों को कम करना है. पुलिस अधीक्षक दुमका ने समाज से भटके हुए लोगों को मुख्यधारा में शामिल होने की अपील की. समादेष्टा एसएसबी 35 बटालियन ने कहा कि खेल का मुख्य मकसद जनता के बीच प्यार बांटना है. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अच्छा कर्म कर समाज के लिए मिसाल बने. इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर मोहम्मद नूर मुस्तफा अंसारी,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जरमुंडी शिवेंद्र,पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय दुमका विजय कुमार,परिचारी प्रवर पुलिस केंद्र दुमका प्रमोद कुमार सिंह,थाना प्रभारी काठीकुंड रूपेश कुमार एवं जिले के सभी पुलिस निरीक्षक,थाना प्रभारी, काठीकुंड थाना के एसआई अमन कुमार,दुलाल महतो सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे. प्रतियोगिता का पहला मुकाबला मुर्मू ब्रदर व अमड़ापाड़ा के बीच खेला गया,जिसमें मुर्मू स्टार विजयी रही. दिन के दूसरे मुकाबले में नीम बगान दुमका ने आदिवासी क्लब काठीकुंड गोपीकांदर को पराजित किया. वायबीसी रामगढ़ ने सरहद शिकारी को हराते हुए दिन के तीसरे मुकाबले में जीत हासिल की. चौथे मुकाबले में शिकारीपाड़ा ने बीर बयार को हराया. रविवार को 2 क्वार्टर फाइनल का मुकाबला भी खेला गया. पहले क्वार्टर मुकाबले में टाई ब्रेकर में मुर्मू ब्रदर ने नीम बागान को हराया. दूसरे क्वार्टर फाइनल के मुकाबले में वायबीसी रामगढ़ ने शिकारीपाड़ा को हराते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह बनायी. सोमवार को प्रतियोगिता में पुल बी के 4 मैच के साथ ही 2 क्वार्टर फाइनल के मुकाबले खेले जायेंगे. मंगलवार को दो सेमीफाइनल मुकाबले के साथ ही फाइनल मुकाबला भी खेला जायेगा और विजेता टीम को 1 लाख रुपये की भारी भरकम इनामी राशि दी जायेगी.