व्यवहार न्यायालय सहित विभिन्न केन्द्रों पर डालसा की ओर से मन का मिलन पखवारा आयोजित
गोड्डा, प्रतिनिधि I जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सह प्रधान जिला जज देवेन्द्र कुमार पाठक के मार्गदर्शन में झारखंड विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल पर जिला मुख्यालय सहित विभिन्न विधिक सहायता केन्द्रों पर “मन का मिलन पखवाड़ा” का आयोजन किया गया है। पखवाड़ा के चौथे दिन शुक्रवार को व्यवहार न्यायालय परिसर , फ्रंट आफिस, मध्यस्थता केन्द्र एवं प्रखंड स्तर पर गठित विधिक सहायता केन्द्रों पर मामले के निष्पादन को लेकर मध्यस्थता की गई। इस दौरान न्यायालय परिसर में आम लोगों के बीच प्रेजेंटेशन के माध्यम से विशेष जानकारी दी गई। डालसा की टीम ने जन जागरुकता अभियान चलाकर लोगों को इससे होने वाले लाभ की जानकारी दी। इससे संबंधित पोस्टर भी वितरित किये गये। गहन मध्यस्थता केन्द्र में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डा. प्रदीप कुमार ने कहा कि यह पखवारा 29 मई से 14 जून तक जारी रहेगा। इसके तहत लोगों को अदालत के बाहर विवादों को सुलझाने का अवसर प्राप्त हो सकेगा। मन का मिलन पखवाड़ा में प्री लिटिगेशन एवं लिटिगेशन दोनों तरह मामले पर विचार किया जायेगा। इस पखवारा का मुख्य उद्देश्य मध्यस्थता के माध्यम से छोटी-छोटी वादों का त्वरित निष्पादन कराना है। खासकर छोटी- छोटी बातों को लेकर बिखर रहे परिवार को बचाने की जरुरत है। इस संबंध में त्वरित न्याय के लिए मध्यस्थता जरुरी है। पखवारा में सबसे अधिक फोकस फैमिली विवादों को समाधान करने पर रहेगा। इसके साथ ही डालसा की टीम के माध्यम से आम लोगों को पखवारा के संबंध में जानकारी दी जा रही है। पखवारा के प्रचार- प्रसार को लेकर जगह- जगह बैनर-पोस्टर लगाया गये हैं वहीं जिला मुख्यालय सहित प्रखंड स्तर पर हेंडबिल का वितरण किया जा रहा है। पखवारा को सफल बनाने में व्यवहार न्यायालय परिसर में पीएलवी नवीन कुमार,इंतेखाब आलम,बासुदेव मणीनंदन कुमार, धनंजय कुमार, सदर प्रखंड में जायसवाल मांझी व चंपा कुमारी, पोड़ैयाहाट में शंकर चंद्र सेन व मीनू बेसरा, सुंदरपहाड़ी में दिलीप यादव व चुनका मरांडी, बसंतराय में मो. हसीब व मंजरी बीबी, महागामा में विमल टुडू, मेहरमा में रामविलास महतो व दयानंद यादव आदि सराहनीय भूमिका निभा रहे हैं।