गोड्डा। जिला मुख्यालय में डीसी एवं एसपी के आवासीय इलाके से सटे वीआईपी कालोनी के एक घर में बुधवार को दिनदहाड़े चोरी की घटना हुई। चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। दो सोने की अंगूठी, चांदी का सिक्का एवं नगद 20 हजार रुपए की चोरी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, वीआईपी कालोनी स्थित डोन बोस्को स्कूल के पीछे शिव नारायण मोदी के घर में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिला के अमित कुमार मौर्य पिछले करीब एक माह से किराए पर रह रहे हैं। श्री मौर्य सदर प्रखंड के मोतिया में स्थित अदानी पावर प्लांट में काम करते हैं। बुधवार को सुबह करीब 8 बजे श्री मौर्य ताला बंद कर बाहर गए थे। अपराह्न करीब 2:30 बजे लौटे तो उन्होंने अपने कमरे का ताला टूटा हुआ पाया। कमरे के अंदर सारा सामान अस्त व्यस्त था। आलमारी खुला हुआ था। आलमारी से सोने की दो अंगूठी एवं चांदी का सिक्का, जिसका अनुमानित मूल्य करीब 70 हजार रुपए है, समेत नगद 20 हजार रुपये गायब था। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना 100 नंबर पर डायल कर पुलिस को दी। नगर थाना की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की तहकीकात की है। पुलिस चोरों का पता लगाने के लिए लगी हुई है।
The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/8twp