अंबेडकर चौक के पास हुए भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक की दर्दनाक मौत

शहर के अंबेडकर चौक के पास हुए भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गयी। यह दुर्घटना शनिवार को दोपहर करीब 1 बजे हुई। इस हादसे में ट्रक चालक का एक हाथ कंधे के पास से कट कर अलग हो गया जबकि उसके सिर के चीथड़े उड़ गये। उसका क्षत-विक्षत शव ट्रक के नीचे फंस गया था जिसे निकलने के लिए नगर थाना पुलिस को हाइड्रा की मदद लेनी पड़ी। मृत ट्रक चालक की पहचान नहीं हो पायी है। चालक की पहचान नहीं होने के कारण शव को सुरक्षित रख दिया गया है। गाड़ी के नंबर जेएच 02 एस/0650 से पता चला कि ट्रक हजारीबाग के बरही निवासी बीरेंद्र कुमार साव के नाम पर रजिस्टर्ड है। काफी प्रयास के बाद पुलिस को चालक का नाम पता चला। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को सड़क से हटाकर आवागमन को बहाल किया। नगर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक नीतीश कुमार ने बताया कि दुर्घटना में मृत चालक की पहचान हो गयी है। मृत चालक सुरेन्द्र तिवारी (45 वर्ष) कोडरमा जिला के नवलसाही थाना क्षेत्र के धरगांव का रहनेवाला था। ट्रक हजारीबाग का है। ट्रक में गिटटी है। वाहन शिकारीपाड़ा से कहां जा रहा था, यह वाहन मालिक के आने के बाद ही पता चलेगा।

ट्रक से नहीं कूदता तो बच सकती थी जान (खबर के साथ बाक्स)
दुमका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक रामपुरहाट रोड से दुमका की ओर आ रहा था। ट्रक की गति काफी तेज थी। चालक ने इसी गति में जब चौक के पास ट्रक मोड़ा तो वह एक तरफ झुक गया। ट्रक पहले अंबेडकर गोलंबर से टकराया। चालक अपनी सीट से नीचे कूद गया, लेकिन गति तेज होने के कारण पहिया के नीचे आ गया। ट्रक चालक को घसीटते हुए दस मीटर दूर तक ले गया और पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता की चारदीवारी तोड़कर पथ निर्माण विभाग के परिसर में घुस गया। इस भीषण दुर्घटना के बावजूद ट्रक का शीशा तक नहीं टूटा था। जानकार बताते हैं कि यदि चालक गाड़ी से कूदने का प्रयास नहीं करता तो उसकी जान बच सकती थी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह से वाहन के नीचे फंसे चालक के शव को कब्जे में लिया।

The short URL of the present article is: https://bharatbulletin.in/a1gs

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *